आजम के मीडिया प्रभारी की फर्जी फेसबुक आइडी बनाई
रामपुर : नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू की किसी ने फेसबुक पर
रामपुर : नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू की किसी ने फेसबुक पर फर्जी आइडी बना ली। उस पर आपत्तिजनक पोस्ट कर दिए। जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी से मुलाकात की। एसपी के आदेश के बाद गंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गंज थाना क्षेत्र में रहने वाले शानू खां को उनके किसी परिचित ने इसकी जानकारी दी। बताया कि उनके पास से फेसबुक पर फर्जी आइडी चल रही है। इस आइडी पर नगर विकास मंत्री और सपा सरकार के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डाले गए हैं। शानू ने जब फेसबुक पर चेक किया तो उनके होश उड़ गए। वह तुरंत अपने साथियों को लेकर एसपी से मिलने पहुंच गए। उन्हें घटना से अवगत कराते हुए तहरीर दी। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर गंज थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गौरतलब है कि फेसबुक पर नगर विकास मंत्री और उनके मीडिया प्रभारी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के करीब आधा दर्जन मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इन मामलों में आम आदमी से लेकर सरकारी अधिकारी तक फंसे हुए हैं। बरेली के एक युवक को तो आजम खां के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने पर जेल तक जाना पड़ा था।