बारिश से जलमग्न पॉलीटेक्निक कॉलेज
मुरादाबाद : राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में शुक्रवार रात हुई बारिश परेशानी का सबब बन गई। कॉलेज परिसर के
मुरादाबाद : राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में शुक्रवार रात हुई बारिश परेशानी का सबब बन गई। कॉलेज परिसर के अलावा कमरों में पानी भर गया। जलभराव को देखकर काउंसलिंग के लिए आ रहे अभ्यर्थी वापस लौटने लगे। यह देख सड़क किनारे प्रमाण पत्र सत्यापन की व्यवस्था की गई। नगर निगम से शिकायत करने के बावजूद पानी निकालने का कोई इंतजाम शुरू नहीं किया गया।
बता दें कि पॉलीटेक्निक कॉलेज के तीन तरफ नाले स्थित हैं। कालोनीवासियों ने कॉलेज परिसर की दीवारें तोड़ दी हैं। इस रास्ते से वह अंदर आकर गंदगी फेंक जाते हैं। कॉलेज का मैदान पशुओं के लिए चारागाह बन गया है। इसी रास्ते से नाले का पानी भी परिसर में आ जाता है। बारिश के दिनों में हालात बदतर हो जाते हैं। गौर ग्रेसियस, मऊ गांव, कांशीराम योजना और नगर निगम के नाले के पानी का बहाव कॉलेज की तरफ होने से परिसर, विभाग और छात्रावास में पानी भर गया।
फेल हुआ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
कॉलेज परिसर में बना वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी पानी का दबाव नहीं झेल सका। उसमें लीकेज होने के कारण पानी जमीन में जाने के बजाय परिसर में बह रहा है। बताया जाता है कि यह सिस्टम लगाने के दौरान ही टूट गया था।
सुबह से शिक्षक परेशान
लगातार बारिश होने से पानी शिक्षकों के घरों में घुसने लगा। धीरे-धीरे यह पानी कमरे और किचन तक पहुंच गया। कई घरों में तो सांप और कीड़े भी निकल आए। इससे बच्चों में दहशत व्याप्त हो गई। सुबह से ही शिक्षकों ने पानी निकालने के इंतजाम शुरू कर दिए।
कर्मचारियों ने खुद किया नाला साफ
ढाबे और कबाड़ व्यापारियों ने नाले पर ही अपनी दुकानें बना ली हैं। कूड़े को वह नाले में ही फेंकते हैं। पूरा नाला पॉलीथिन से अटा हुआ है। इसके कारण बारिश का पानी नहीं बह पा रहा था। कॉलेज कर्मचारियों ने इसकी शिकायत नगर निगम के सुपरवाइजर से की थी। उनके न आने पर दोपहर बाद सभी कर्मचारियों ने खुद ही नाले को साफ किया।
वर्जन..
कई बार नगर निगम और एमडीए के अधिकारियों को लिखित शिकायत दे चुके हैं। अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बारिश से कॉलेज और हमारे घरों में पानी घुस गया है। जलभराव से काउंसलिंग पर भी असर पड़ रहा हे।
तजम्मुल अफजाल, प्राचार्य, राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज।