दिल्ली-लखनऊ हाइवे पर शाम होते ही लगा जाम
रामपुर । पनवड़िया रेलवे क्रासिंग पर चल रहा ओवरब्रिज निर्माण कार्य शनिवार शाम फिर परेशानी का सबब बन ग
रामपुर । पनवड़िया रेलवे क्रासिंग पर चल रहा ओवरब्रिज निर्माण कार्य शनिवार शाम फिर परेशानी का सबब बन गया। कार्य स्थल के पास हाइवे जर्जर होने से ट्रक खराब हो गया। इससे दिल्ली-लखनऊ हाइवे पर जाम लग गया। जाम में फंसकर लोग परेशान रहे।
दिल्ली से लखनऊ तक हाइवे का सफर आसान बनाने के लिए इसे फोरलेन बनाया जा रहा है। मुरादाबाद से बरेली के बीच काफी काम हो चुका है, लेकिन जहां-जहां निर्माण कार्य चल रहा है, वह बेहद धीमा है। इससे जाम की परेशानी से निजात नहीं मिल पा रही। वर्तमान में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पनवड़िया रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य के पास से जो वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है, वह बेहद जर्जर और संकरा है। जगह-जगह गड्ढे हैं। ऐसे में यहां हर वक्त वाहन रेंगते हुए गुजरते हैं। लोडेड वाहन अक्सर खराब होने से आए दिन जाम लगता है।
शनिवार शाम करीब छह बजे भी निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर एक लोडेड ट्रक खराब हो गया। इससे रेंग रहे वाहनों के पहिये पूरी तरह थम गए। हाइवे जाम की चपेट में आ गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लंबी होने लगी। अंबेडकर पार्क तक वाहनों की लाइन पहुंची तो पुलिस अलर्ट हुई। सिविल लाइंस और यातायात पुलिस ने मिलकर खराब ट्रक को हटवाकर जाम खुलवाया। रात करीब आठ बजे यातायात सुचारू हो सका।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी ने पनवड़िया क्रासिंग पर आए दिन लगने वाले जाम की समस्या को गंभीरता से लिया है। उन्होंने ओवरब्रिज निर्माण होने तक वैकल्पिक मार्ग को चौड़ा करने और क्रासिंग पर डबल फाटक बनाने के लिए रेलवे अधिकारियों को पत्र लिखा है।
भास्कर सिंह