परिवार के कल्याण को किया पूजन
रामपुर। छोटी दीपावली यानी नरक चतुर्दशी का त्योहार लोगों ने हर्षोल्लास से मनाया। घर में दीप जलाकर पर
रामपुर। छोटी दीपावली यानी नरक चतुर्दशी का त्योहार लोगों ने हर्षोल्लास से मनाया। घर में दीप जलाकर परिवार के मंगल कल्याण की प्रार्थना की। नकारात्मक ऊर्जा को दूर करके सकारात्मक ऊर्जा के प्रवेश का आह्वान किया।
बुधवार को सुबह से ही लोगों के घरों में उत्सव का माहौल नजर आया। घर की सफाई व सजावट की गई। महिलाओं ने स्वादिष्ट पकवान बनाएं। वहीं बाजार से भी खरीदारी की गई। शाम को घर के मुख्य द्वार पर दीपक और खील-खिलौने के साथ पूजा की। यमराज से परिवार की रक्षा करने की प्रार्थना की और मंगल गीत गाए। जगह-जगह उत्सव मनाया गया। पटाखे छोड़कर खुशियां मनाई। गायत्री परिवार के पंडित मदन लाल शर्मा ने कहा कि दीपावली से एक दिन पहले नरक चतुर्दशी मनाई जाती है। इस दिन परिवार के सभी लोग मिलकर घर के दरवाजे पर सकारात्मक ऊर्जा का घर में प्रवेश करने को स्वागत करते हैं। यह शुद्धता का प्रतीक है। ईश्वरीय शक्तियों का आह्वान करना चाहिए। घर में प्रेम और शांति का माहौल रखें। ऐसा करने से दीपावली पर मां लक्ष्मी की कृपा आती है।
श्री राम सत्संग मंडल के अध्यक्ष विष्णु सरन अग्रवाल ने कहा कि छोटी दीपावली वह शुभ दिन है, जब हमें अपने आचार व्यवहार के बारे में मंथन करने का अवसर मिलता है। हमारे कर्मो में क्या उचित है और क्या अनुचित है, इसके बारे में सोचकर कमियों में सुधार करना चाहिए। नरक चतुर्दशी के दिन हम सभी को अपने मन और कर्म को श्रेष्ठ और शुद्ध बनाने का प्रयत्न करना चाहिए। यही इस दिवस की सार्थकता है।