दढि़याल में एक लाख की डकैती
रामपुर। दढि़याल क्षेत्र में वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार रात एक दर्जन बदमाशों ने किसान के घर धावा बोलकर नकदी, जेवर समेत एक लाख का माल लूट लिया। सूचना पुलिस को दे दी गई है पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। उधर टांडा क्षेत्र के दो गांवों में लूट का प्रयास किया गया पर जाग होने पर बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
क्षेत्र के लोदीपुर नायक गांव निवासी भूरा के घर शनिवार रात 12 बजे हथियारों से लेस एक दर्जन बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने बरामदे में सो रहे भूरा और उसकी पत्नी नसरीन को गन प्वाइंट पर ले लिया। दोनों को एक कमरे में बैठा दिया। दो बदमाश उन पर पेहरा देते रहे। बाकी बदमाशों ने माल समेटना शुरु कर दिया। बदमाशों ने सोने की चेन, बाली, कुण्डल, आधा किलो चांदी, साढ़े आठ हजार रुपये नकद आदि कब्जे में कर लिए। इसके बाद शोर न मचाने की धमकी देते हुए जाने लगे। जाते समय दंपती को कमरे में बंद कर दिया। कुछ देर बाद बाहर सो रही बेटी इरम ने शोर मचाया तो पड़ोसी आ गए। सवेरे सूचना चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना किया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसी गांव में दस दिन पूर्व बदमाशों ने लूट का प्रयास किया था। उस समय जाग हो गई थी। इस पर बदमाश फायरिंग कर फरार हो गए थे।
टांडा : थाना पुलिस को बदमाश लगातार चुनौती दे रहे हैं। शनिवार की रात 12 बजे बदमाशों ने सहरिया दराज गांव में लूट का प्रयास किया। बदमाशों ने रज्जन के घर दस्तक दी कि गांव में जाग हो गई। इस पर ग्रामीणों व बदमाशों में जमकर फायरिंग हुई। अंधेरे का लाभ उठाते हुए बदमाश फरार हो गए। इसके बाद बदमाशों ने रनुआ नगला गांव में मेंहदी हसन के घर में जैसे निशाना बनाने का प्रयास किया कि गांव में जाग हो गई। शोर शराबे पर घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरु कर दी। ग्रामीणों ने छतों पर से फायरिंग की। इस दौरान बदमाश जंगल में फरार हो गए। लगातार वारदातों से दहशत है।
ढक्का नगलिया गांव है बदमाशों का केंद्र
लगातार वारदातों से दशहत, खुलासे से दूर पुलिस
संवाद सहयोगी, टांडा: बदमाशों का केंद्र ढक्का नगलिया व इसके आसपास के गांव हैं, जो लगातार उनके निशाने पर हैं। बदमाशों ने गांव ढक्का नगलिया में शुक्रवार को बड़ी डकैती को अंजाम दिया। गोली मारकर गृहस्वामी व दो अन्य को घायल कर दिया। इसी रात गांव तार का मझरा में तीन सगे भाइयों मोहम्मद हनीफ, मोहम्मद आरिफ व मोहम्मद यामीन तथा रामरतन के घर कई लाख रुपये की डकैती की। इससे पूर्व गांव ढक्का नगलिया के रियासत व इससे सटे गांव सहरिया में लूट की। इसी बीच तार का मझरा के करीब गांव यूसुफनगर में जफीर के घर तीन लाख रुपये की डकैती की थी। लगातार लूट व डकैती के बावजूद पुलिस घटनाओं का खुलासा करने में नाकाम रही है। बदमाश पुलिस को खुला चैलेंज देते हुए घटनाओं को अंजाम देने के प्रयास में लगे हैं। थानाध्यक्ष जग नारायन पांडे का कहना है कि घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा। उधर चर्चा है कि पुलिस लूट की घटनाओं के खुलासे के बजाए दूसरे मामलों पर अधिक ध्यान दे रही है। तीन दिन पूर्व पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को तमंचों के साथ पकड़ा पर बाद में छोड़ दिया। गश्त पर भी ध्यान कम दिया जा रहा है, जबकि पुलिस रोड पर खनन के ओवरलोड ट्रकों से वसूली पर अधिक ध्यान दे रही है।