अगवाकर किशोरी से दुष्कर्म
रामपुर। मौसा के घर मेहमानदारी में आए युवक ने घर में अकेली किशोरी को उठा लिया और मौसा के घर ले जाकर दुष्कर्म किया। किशोरी का पिता दिल्ली में रिक्शा चलाता है। मामले के रिपोर्ट करा दी गई है। आरोपी पकड़ से बाहर है।
थाना खजुरिया क्षेत्र का एक व्यक्ति दिल्ली में रहकर रिक्शा चलाता है। उसकी पत्नी बच्चों के साथ गांव में रहती है। आरोप है कि पांच सितंबर को उसकी पत्नी गांव स्थित मंदिर पर जागरण में शामिल होने गई थी। इस दौरान गांव निवासी भगवान दास के घर उसकी पत्नी का भांजा अवधेश निवासी ग्राम जौनेर थाना मीरगंज बरेली आया हुआ था। युवक रिक्शा चालक के घर पहुंचा और उसकी बेटी को उठाकर मौसा के घर ले आया, जहां उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। बाद में धमकी दी कि किसी को बताया तो अंजाम ठीक नहीं होगा। युवक फरार हो गया। उधर किशोरी घर पहुंची और मां को सारी बात बताई। महिला ने मामले की जानकारी पति को दी तो उसके होश उड़ गए। वह दिल्ली से गांव आ गया। उसने अवधेश कुमार तथा उसके मौसा भगवान दास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।