मोदी सरकार के खिलाफ पैदल मार्च
रामपुर । मोदी सरकार के सौ दिन पूरे होने पर कांग्रेस ने पैदल मार्च निकाला। भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर और उसके दावों को खोखला बताया।
केंद्र की भाजपा सरकार ने सौ दिन पूरे कर लिए हैं। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए। उन्होंने सरकार के कामकाज को लेकर चर्चा की। बाद में नारेबाजी करते हुए सड़क पर आ गए। भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गांधी समाधि तक पैदल मार्च निकाला। उनका कहना था कि भाजपा की घोषणाएं झूठी साबित हुई हैं। भाजपा ने जनता को धोखा दिया है। काला धन अब तक वापस नहीं आ सका। सौ दिन में महंगाई कम करने के बजाए बढ़ा दी है। रेल किराए में भारी बढ़ोत्तरी की है। तेल के दाम भी कई बार बढ़ा दिए हैं। चुनाव के दौरान किए गए एक भी वादे को सरकार पूरा नहीं कर सकी है। भाजपा ने देश को गुमराह किया था। अब जनता ठगा सा महसूस कर रही है। प्रधानमंत्री को विदेशों में घूमने के बजाए अपनी घोषणाओं को पूरा करना चाहिए।
कांग्रेसी काफी देर तक भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
इस दौरान जिलाध्यक्ष दिलबाग सिंह, शहर अध्यक्ष मामून शाह खां, महेन्द्र यदुवंशी, धर्मेन्द्र देव गुप्ता, फहीम शाह खां, शहजादे अली, कबीर अहमद, गुरुमीत सिंह, रिजवान मियां, रामगोपाल सैनी, राशिद खां, राजेन्द्र सिंह, शुऐब कमर, पप्पू, सिफत अली खां, जब्बाद खां, ऐजाज खां, खलील सैफी, जमीर अंसारी, तारिक खां आदि शामिल रहे।