सीटें नहीं बढ़ीं तो होगी भूख हड़ताल
रामपुर। डिग्री कालेजों में एडमिशन प्रक्रिया पूरी गई है, लेकिन अब भी सीटें बढ़ाकर एडमिशन लेने की जोरदार मांग जारी है। प्राचार्य, डीएम से लेकर कुलपति को ज्ञापन सौंपे गए हैं। छात्र-छात्राएं इसी आस में रोजाना कालेजों के चक्कर भी लगा रहे हैं। वहीं छात्रों ने अब भूख हड़ताल की चेतावनी भी दी है।
शहर के दोनों महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष की सीटें फुल हैं। जबकि आवेदन मौजूदा सीटों से दुगने छात्र छात्राओं ने किया था, लिहाजा कई छात्र छात्राएं एडमिशन से वंचित रह गए हैं। इनकी तादात हजारों में है। रजा महाविद्यालय में करीब दो हजार और महिला महाविद्यालय में करीब आठ सौ छात्राओं को एडमिशन नहीं मिल पाया है। वहीं बिलासपुर के राजकीय महाविद्यालय में भी एडमिशन की दिक्कत है। छात्र- छात्राओं की मांग है कि कालेजों में सीटे बढ़ाई जाएं। इससे वंचित छात्र-छात्राओं को एडमिशन मिल पाएगा और उच्च शिक्षा ग्रहण करने की उनकी चिंता दूर होगी। इस मांग के साथ आए दिन कालेज और कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन हो रहे हैं। छात्रों ने प्राचार्य और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपे हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति से भी मिलकर उन्हें मांग पत्र सौंपा। लेकिन अभी तक शासन से सीट बढ़ने के कोई संकेत नहीं मिले हैं। छात्रों में रोष है और अब उन्होंने भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। युवा नेता अदनान खां ने कहा कि बरेली जाकर कुलपति को छात्र-छात्राओं की समस्या से अवगत कराया जा चुका है, जिस पर उन्होंने समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है। यदि अब शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। यहां तक कि भूख हड़ताल भी शुरू की जाएगी। पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष अयान खां ने कहा कि कालेज में हर विभाग में सीटों की कमी है। बीए, बीकाम और बीएससी प्रथम वर्ष में कई छात्र छात्राओं को एडमिशन नहीं मिला है। छात्र छात्राएं बेहद परेशान हैं। अगर अब सीट नहीं बढ़ी तो भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।