कालेज से लौट रही छात्राओं से छेड़छाड़
रामपुर । शहर में मनचले अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। बुधवार को फिर मनचलों ने कोतवाली क्षेत्र में कालेज से लौट रही छात्राओं से छेड़छाड़ की। लोगों ने पकड़ने का प्रयास किया तो मनचले फरार हो गए। उधर, शहजादनगर पुलिस ने किशोरी से छेड़छाड़ में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
घटना बुधवार को कोतवाली क्षेत्र की है। पुराना गंज की एक किशोरी किला कैंपस स्थित इंटर कालेज में कक्षा नौ की छात्रा है। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वह कालेज से छुट्टी के बाद सहेलियों के साथ पैदल घर की ओर जा रही थी। महिला डिग्री कालेज के पास बाइक सवार तीन युवक आए और छात्रा से छेड़छाड़ करने लगे। छात्राओं ने विरोध किया। शोर मचाया। इस पर लोग आ गए। छात्राओं ने लोगों की मदद से युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, जिस पर आरोपी फरार हो गए। छात्रा ने बदनामी के डर से पुलिस में शिकायत नहीं की।
उधर, शहजादनगर थाना क्षेत्र के ग्राम लोधीपुरकी किशोरी मंगलवार को शौच के लिए गई थी। गांव के युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।