शादी का झांसा देकर दुष्कर्म
रामपुर। शादी का झांसा देकर युवक ने विधवा को प्रेमजाल में फंसा दिया और उससे शारीरिक संबंध बना लिए। महिला ने जब शादी पर जोर दिया तो युवक मुकर गया। इस पर महिला युवक के घर पहुंच गई। युवक घर से फरार हो गया। युवक अमीन का चपरासी बताया गया है।
स्वार कोतवाली क्षेत्र के गांव की एक महिला के पति की दस साल पहले मौत हो चुकी है। महिला के घर एक युवक का आना-जाना था। युवक ने महिला को प्रेमजाल में फंसा लिया और शादी का झांसा दिया। आरोप है कि युवक ने महिला से शारीरिक संबंध स्थापित कर लिए। युवक लगातार अस्मत से खिलवाड़ करता रहा। इस दौरान महिला गर्भवती हो गई। उसने युवक पर शादी का दवाब बनाया। युवक ने टाल-मटोल शुरु कर दी। ज्यादा जोर देने पर युवक ने शादी से इंकार कर दिया। इस पर महिला बुधवार को उसके घर पहुंच गई और शादी की जिद करने लगी। उधर महिला को घर में देख युवक घर से खिसक लिया। पहले परिजनों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इस बीच मुहल्ले के लोग जमा हो गए। घर पर भीड़ लग गई। महिला को समझाने के प्रयास शुरु हो गए। कुछ प्रभावशाली लोग भी मामला निपटाने में जुट गए हैं। महिला का कहना है कि शादी नहीं होगी तो वह युवक के खिलाफ रिपोर्ट कराएगी। युवक तहसील में अमीन का चपरासी बताया गया है। मामला चर्चा का विषय बना है।