गंज में बालिका को बुरी नीयत से दबोचा
रामपुर। गंज थाना क्षेत्र में युवक ने दस साल की बालिका को बुरी नीयत से दबोच लिया। शोर मचाने पर उसे छोड़कर भाग गया। मामला दो वर्गो का होने से तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह फरार हो गया।
थाना गंज के मुहल्ला पुराना गंज में एक व्यक्ति की दस साल की बेटी मुहल्ले की दुकान से दूध लेने गई थी। आरोप है कि मुहल्ला पांच कब्र का एक युवक पुराना गंज अपने दोस्त के घर आया था। दोस्त घर पर नहीं था। खाली घर देख युवक ने बालिका को बुरी नीयत से दबोच लिया। उसे घर के अंदर खींचकर ले गया। बालिका ने शोर मचा दिया, जिस पर लोग इकट्ठा होने लगे। युवक बालिका को छोड़कर भाग गया। बालिका ने घर जाकर परिजनों को जानकारी दी। परिजन और मुहल्ले के लोग इकट्ठा होकर घटना स्थल पहुंचे। हंगामा किया। कुछ देर बाद ही वहां रहने वाला युवक आ गया। उसने बताया कि मुहल्ला पांच कब्र में रहने वाला उसका दोस्त आया था। घटना की जानकारी पर एक वर्ग के लोग इकट्ठा होकर हंगामा करने लगे। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामला दो वर्गो का होने से पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। गंज पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा करने वालों को शांत किया। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में मुहल्ला लाल कब्र पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले आई। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।