चुनावी रंजिश में सपा समर्थक पर हमला, गंभीर
रामपुर। मतदान निपटते ही चुनावी रंजिश खुलकर सामने आने लगी है। पटवाई थाना क्षेत्र में चुनावी रंजिश में कुछ लोगों ने सपा समर्थक ग्रामीण को घेर लिया। उस पर धारदार हथियार से हमला किया। उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पटवाई के 30 वर्षीय भारत सिंह पुत्र राजपाल सिंह यहीं पेट्रोल पंप पर नौकरी करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह पंप पर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। लहूलुहान होने पर हमलावर उन्हें मृत जानकर भाग गए। लोगों ने देखा तो परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल आए, जहां सिर में चोट से उनकी हालत गंभीर बनी है।
परिजनों ने बताया कि हमलावर गांव के ही हैं, जिनसे गुरुवार को मतदान के समय बूथ पर विवाद हुआ था। हमलावर पक्ष दूसरे दल के हैं, जबकि घायल सपा समर्थक है। मतदान के समय हमलावर पक्ष के लोगों ने सपा समर्थक को मतदान से रोकने का प्रयास किया था। अपने पक्ष में मतदान के लिए दबाव बनाया था। ऐसा न करने पर देख लेने की चेतावनी दी थी, जो पूरी कर दी।
मामले की तहरीर पुलिस को दे दी है। हालांकि पुलिस ने जान लेवा हमले में मुकदमा दर्ज करने के बजाय मामूली धाराओं में गांव के लल्ला, राजीव, भूरा और अतेश के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है। इसकी शिकायत नगर विकास मंत्री से करेंगे।