घरों में घुसा बारिश का पानी
रामपुर। सुबह हुई तेज बारिश से जगह जगह जलभराव हो गया। नाला बंद होने की वजह से लोगों के घरों में भी पानी घुस गया। इस दौरान लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को सुबह के समय मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में घने बादलों के बीच तेज हवा के साथ बारिश होना शुरु हो गई। काफी देर तक जोरदार बारिश हुई। इस दौरान मुहल्ला मस्जिद काले खां में नाला बंद हो गया। इससे पूरे मुहल्ले में जलभराव हो गया। लोगों के घरों में बारिश का पानी घुस गया। इससे गुस्साए मुहल्लेवासियों ने नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि पालिका की अनदेखी की वजह से यह समस्या हुई है। कुछ ही यही हाल विकास नगर का भी था। जलनिकासी का इंतजाम न होने के कारण यहां भी तमाम घरों में जलभराव हो गया। बारिश रुकने के बाद लोग घरों से पानी निकालने में जुट गए। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जमीन पर रखा सामान भी खराब हो गया।