मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में छह घायल
सरेनी, संवाद सूत्र : थाना क्षेत्र में अलग-अलग हुई मारपीट की घटनाओं में मंगलवार को छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। पीड़ितों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली हैं।
पहली घटना बबुरा थाना क्षेत्र की है। क्षेत्र निवासी फूल दुलारी पत्नी किशन लोधी सुबह घरेलू कामकाज कर रही थी। इसी दौरान वहां गांव के जेजे प्रसाद, सोनम, शिवकली, सुनील भूमि विवाद को लेकर झगड़ा करने लगे। देखते ही देखते सभी ने फूल दुलारी की डंडों से पिटाई कर दी। दूसरी घटना थाना क्षेत्र के पूरे खांडे सरायं की हैं। दोपहर 12:30 बजे शकुंतला सिंह पत्नी सुरेंद्र सिंह अपने दरवाजे बैठे थे। पुरानी रंजिश के चलते लवकुश सिंह, धुन्नु सिंह और मोहन सिंह आकर गाली-गलौज करने लगे। महिला के विरोध करने पर लोगों ने उसे लाठी-डंडों से पीट कर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे शकुंतला के बेटे विकास की भी पिटाई कर दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तीसरी घटना सरेनी कस्बा की है। अंजनी सोनी पुत्र मोहन घर के बाहर बनी नाली को साफ कर रहे थे। इसी दौरान गांव के गुरुदीन, विनोद और मनोज ने नाली सफाई न करने की बात कही। अंजनी के न मानने पर इन लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। बचाव करने आई पत्नी माधुरी और बेटी निशा को भी इन लोगों ने पीटकर घायल कर दिया।