चौथी लेकर आए कन्या पक्ष के लोगों पर हमला
किशुनगंज, प्रतापगढ़ : कंधई थाना क्षेत्र के सरसीखाम गांव में चौथी लेकर आए लोगों की अधिक संख्या को लेक
किशुनगंज, प्रतापगढ़ : कंधई थाना क्षेत्र के सरसीखाम गांव में चौथी लेकर आए लोगों की अधिक संख्या को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके पक्ष के लोगों पर हमला बोल दिया। इस दौरान लाठी, कुल्हाड़ी से जमकर हमला किया गया। जिसमें 10 महिलाओं सहित 20 लोग घायल हुए हैं। देर शाम तक इस मामले में रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज नहीं की थी।
गांव के निवासी ननकू धोबी पुत्र हजरत अली का विवाह 26 मई 2015 को संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के आमीपुर गांव निवासी जुम्मन की पुत्री सीमा बानो के साथ हुआ था। बरात गई तो आवभगत के बाद शादी हुई और सभी बराती राजी खुशी अपने घरों को लौट आए। गुरुवार की सुबह लगभग 12 बजे कन्या पक्ष के लोग चौथी लेकर लड़की के पिता जुम्मन के साथ आए।
इस दौरान वाहन पर कुल चार दर्जन लोग यहां पर आए थे। लड़की पक्ष के लोगों का आरोप था कि जैसे ही वे लोग पानी पी रहे थे कि इसी बीच लड़की के ससुराल पक्ष के लोग इतनी संख्या में आने पर विवाद करते हुए हंगामा किया और लाठी, डंडा, ईंट-पत्थर, फावड़ा व सब्बल से हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से चौथी लेकर आए लोगों में भगदड़ मच गई। इसमें लड़की के पिता जुम्मन के साथ शहबन, असलम, अली हसन, मल्लू, रुबी, लूला, सायरा बानो, फातमा, गुड्डा, आयश, हरजना, ननका, रेहाना, शाहना बानो सहित लोगों को चोटें आई।
सूचना पर तमाम गांव के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए और घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कोहड़ौर भेजा गया। पिटे मायके पक्ष के लोग भागकर थाने पर आए और यहां तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की तो पुलिस ने मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
थाने पर बैठे रहे मायके पक्ष के लोग
किशुनगंज, प्रतापगढ़ : लड़की पक्ष के लोग अपनी पुत्री सीमा बानो की विदाई कराने को लेकर कंधई थाने के बाहर देर शाम तक बैठे हुए थे। लड़की के पिता का आरोप था कि वे अब अपनी पुत्री को अपने साथ लेकर ही जाएंगे। उनका यह भी कहना था कि 4 लाख रुपये नकद मांग को लेकर उनके साथ आए लोगों पर हमला किया गया है। पुलिस जांच के नाम पर लोगों को टरकाती रही।
फरियाद लेकर पहुंचे लोगों पर ही बिफरे दारोगा
किशुनगंज, प्रतापगढ़ : एक ओर दूसरे थाने से चौथी लेकर आए कन्या पक्ष के लोगों पर हमला बोला गया और जब वे अपनी फरियाद लेकर थाने पहुंचे तो यहां पर उपनिरीक्षक यशकरन यादव ने भी उनके साथ गाली गलौज की। इसको लेकर कन्या पक्ष के लोग काफी आक्रोशित रहे। उनका कहना था कि पुलिस हमलावरों से मिली हुई है और उपनिरीक्षक भी कार्रवाई की बात तो दूर उन्हीं का पक्ष ले रही है। उपनिरीक्षक की गाली गलौज से लोग काफी आक्रोश में यहां दिखलाई पड़े। पीड़ितों का यह भी आरोप था कि पुलिस देर शाम तक मौके पर भी जाना मुनासिब नहीं समझा है।
घायलों के मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।
रामनरेश यादव, एसओ कंधई