सद्गुरु के चरणों में सारे तीरथ धाम
प्रतापगढ़ : नगर के राजकीय इंटर कालेज परिसर में होने वाले 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के लिए तैयारी तेज
प्रतापगढ़ : नगर के राजकीय इंटर कालेज परिसर में होने वाले 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के लिए तैयारी तेज हो गई है। कस्बों व बाजारों में चेतना रथ घूम रहा है। कार्यक्रम की सफलता की ओर आगे बढ़ते हुए रविवार को यज्ञ स्थल पर भूमि पूजन किया गया। वेद और गायत्री मंत्रों की गूंज से नगर गायत्रीमय हो गया।
अखिल विश्व गायत्री परिवार शांति कुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित भूमि पूजन समारोह में पं. सतीश शर्मा ने कहा कि गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य ने स्वयं सुधार, अतिथि सत्कार, संस्कार व सेवा का सिद्धांत पूरी दुनिया को दिया। युग परिवर्तन का संकल्प पूरा करने के लिए हमें गुरुदेव की शिक्षाएं अपने आचरण में उतारनी होंगी। गायत्री शक्तिपीठ के मुख्य ट्रस्टी चंद्रिका सिंह ने श्रद्धालुओं को बताया कि महायज्ञ का शुभारंभ दो जनवरी को मंगल कलश यात्रा से होगा। यह कार्यक्रम चार दिन तक चलेगा।
कार्यक्रम में..सद्गुरु के चरणों में सारे तीरथ धाम, गुरु का काम निराला, गुरु का नाम निराला..जैसे प्रेरणादायक गीतों ने लोगों को भक्ति और आस्था की ओर चलने का संदेश दिया। धर्म ध्वजा स्थापित की गई। कार्यक्रम में राम अकबाल सिंह, धर्मवीर सिंह, मनोज ब्रह्मचारी, ओम प्रकाश पांडेय अनिरुद्ध रामानुजदास, लक्ष्मी नारायण शर्मा, डा. पीके शर्मा, अशोक शर्मा, सुमन श्रीवास्तव, दुर्गा प्रसाद शुक्ला और अजीत कुमार मिश्र, मनोकानिका उपाध्याय, जगदीश नारायण मिश्रा, सरयू प्रसाद पांडेय, डा. एमपी दुबे, डा. इंद्रजीत मिश्रा, हरिहरदेव पांडेय, प्रज्ञा कुमार सिंह सहित गायत्री परिजन मौजूद रहे।