मालिक की हत्या कर कार लूट ले गए बदमाश
-रिजर्व पार्टी को छोड़ कर लौट रहा था लखनऊ से, रास्ते में हुआ हमला जागरण संवाददाता,प्रतापगढ़ : मालिक
-रिजर्व पार्टी को छोड़ कर लौट रहा था लखनऊ से, रास्ते में हुआ हमला
जागरण संवाददाता,प्रतापगढ़ : मालिक की गोली मार कर बदमाश शुक्रवार को आधी रात उसकी कार लूट कर भाग निकले। खून से लथपथ युवक दो घंटे तक घटनास्थल पर तड़पता रहा। पड़ोस में रहने वाली महिला की सूचना पर जब पुलिस उसे लेकर जिला अस्पताल आई, तब तक काफी देर हो चुकी थी। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इलाहाबाद जिले के न्याय नगर (धूमनगंज) निवासी मनोज पांडेय (30) पुत्र बैजनाथ पांडेय ने इंडिगो कार खरीदी थी। उसे किराए पर खुद चलाता था। 20 नवंबर को वाराणसी के लिए कार रिजर्व कराई गई थी। वाराणसी से बुकिंग मिलने पर वहीं से मनोज एयरपोर्ट अमौसी (लखनऊ) चला गया था। इस बीच रात लगभग ढाई बजे उसे गोली मार कर बदमाशों ने काशीराम कालोनी जोगापुर के पीछे फेंक दिया और कार लेकर भाग निकले। खून से लथपथ मनोज बचाने के लिए चीखता चिल्लाता रहा। उसने फौरन फोन पर किराएदार धर्मराज को बताया कि उसे गोली मार कर बदमाश कार लूट ले गए हैं। धर्मराज ने घटना की जानकारी मनोज के साले शैलेश ओझा को दी। आवाज सुनकर बगल में रहने वाली रिजवाना भाग कर भगवा चुंगी पुलिस चौकी पहुंची और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर चीता मोबाइल के सिपाही घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा मनोज कराह रहा था। इसके बाद सिपाहियों ने काशीराम कालोनी से टेंपो मंगाया और उसे लेकर भोर में लगभग 5 बजे जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।