अपराध कम दिखाने को पुलिस दबा रही तहरीर
लालगंज, प्रतापगढ़ : लालगंज क्षेत्र में बढ़ रही हत्या, लूट, छिनैती, बलात्कार व चोरियों सहित अन्य घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग भयभीत नजर आ रहे हैं। पुलिस ने कागज पर क्राइम कंट्रोल दिखाने को तहरीर दबा देने के फंडे पर काम कर रही है।
लोगों का कहना है कि पहले इतनी घटनाएं नहीं हुआ करती थीं। लोग बेखौफ होकर सड़कों पर आया जाया करते थे। पर इन दिनों अपराधों की क्षेत्र में बाढ़ सी आ गई है। उदयपुर थाना क्षेत्र में कुछ ही दिनों में हुई दो हत्याओं से लोग खौफ खाए हुए हैं। वहीं इसी थाना क्षेत्र के रेहुआ लालगंज के कस्बे में लगभग आधा दर्जन चोरियां हो चुकी है। पर न तो आज तक किसी का एफआइआर लिखी जा सकी और न ही किसी घटना का खुलासा ही हुआ। ऐसे में बेखौफ चोर अपने वारदात को अंजाम देने में सफल नजर आ रहे हैं। उदयपुर सहित अन्य थाना क्षेत्रों में भी हुई लूट व अन्य गंभीर वारदातों के चलते अब लोग शाम ढलने के पूर्व ही वापस घर पहुंचने में ही अपनी भलाई समझते हैं। पर घरों में भी हो रहे वारदातों के चलते लोगों का विश्वास अब पुलिस से उठने लगा है और अब उनकी रात की भी नींद हराम हो चुकी है। लोग ये नहीं समझ पा रहे हैं कि आखिर क्षेत्र की सुरक्षा कैसे हो सकेगी। वहीं गश्त के नाम पर पुलिस का कोई पता नही है।