गलत रास्ता बता सामान लूटा, दुष्कर्म का भी प्रयास
प्रतापगढ़ : मंगलवार की शाम जेठवारा जा रहे दंपती को गलत रास्ता बताकर युवकों ने पति की पिटाई कर लूटपाट की। यही नहीं पत्नी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि अन्य दो भाग निकले। उक्त आरोपी को पुलिस ने घर पर दबिश देकर हिरासत में ले लिया।
इलाहाबाद जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के सरवरडीह गांव की रहने वाली रीता पत्नी फूलचंद्र (दोनों नाम काल्पनिक) मंगलवार की शाम पति के साथ बाइक से मामा के घर दुर्गागंज (जेठवारा) जा रही थी। रास्ते में कटरा मेदिनीगंज चौराहे के आगे राजा की बाग के पास उन्हें तीन युवक खड़े दिखाए दिए। पता पूछने के लिए फूलचंद्र रुक गया। जेठवारा का रास्ता पूछने पर तीनों युवकों ने बाग के अंदर जाने वाले रास्ते को बता दिया। कुछ दूर जाने पर देखा तो रास्ता बंद था। इतने में पता बताने वाले तीनों युवक वहां पहुंच गए और फूलचंद्र को मारपीट कर मोबाइल, पांच सौ रुपये, रीता का मंगल सूत्र छीन लिया। इसके बाद रीता को धक्का देकर गढ्डे में गिरा दिया। फिर तीनों युवक दुष्कर्म का प्रयास करने लगे।
इस पर रीता व फूलचंद्र शोर मचाने लगे। शोर सुनकर आस-पास के ग्रामीण दौड़े तो एक को पकड़ लिया जबकि अन्य दोनों भाग निकले। सूचना मिलने पर सिटी पुलिस चौकी से सिपाही घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी को पुलिस चौकी पर ले गए। वहां पूछताछ के बाद पुलिस ने खिड़किया मोहल्ले में दबिश देकर एक और आरोपी को पकड़ लिया। जबकि तीसरा घर से फरार था। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, पैसा बरामद कर लिया। लेकिन मंगलसूत्र नहीं मिला। तीनों आरोपी खिड़कियां मोहल्ले के रहने वाले हैं।
.ताकि दूसरे के साथ न हो घटना
प्रतापगढ़ : पुलिस चौकी पर रही पीड़िता बार-बार यही कह रही थी कि साहब इन दरिंदों को ऐसी सजा मिले, ताकि दूसरी किसी बहन के साथ ऐसी घटना न हो सके। वह इतनी डरी हुई थी कि मुकदमा नहीं लिखाना चाह रही थी। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार, छूटा
प्रतापगढ़ : मारपीट, छेड़खानी के आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। आरोपी जमानत पर छूट गया।
अंतू थाना क्षेत्र के कोलबजरडीह गांव की रहने वाली रोली सिंह (काल्पनिक नाम) ने आरोप लगाया था कि पड़ोसी प्रदीप सिंह ने उसे मारा पीटा और छेड़खानी की। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इस बीच पुलिस ने आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार करके शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। एसडीएम कोर्ट से उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।
महिला के घर में घुसे लेखपाल को दबोचा
संडवा चंडिका, प्रतापगढ़ : अंतू क्षेत्र के जोगीपुर गांव में सोमवार की रात एक महिला के घर में घुसे लेखपाल को ग्रामीणों ने दबोच कर पुलिस को सौंप दिया।
यहां तैनाती के दौरान एक लेखपाल का जोगीपुर में रहने वाली एक महिला के घर आना-जाना था। वहां से हटने के बाद भी वह लेखपाल सोमवार को रात दस बजे महिला के घर पहुंचा। जैसे ही वह घर में घुसा, बाहर ग्रामीणों ने घर घेर लिया और उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के सुपुर्द लेखपाल को कर दिया।