नम आंखों से दी बड़े राजा अभय सिंह को अंतिम विदाई
प्रतापगढ़ : पूर्व सांसद राजा अभय प्रताप सिंह उर्फ बड़े राजा को गुरुवार को लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। सियासी दिग्गजों ने भी अंत्येष्टि स्थल पर पहुंच कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
प्रतापगढ़ सिटी के राजा पूर्व सांसद बड़े राजा के निधन की जानकारी होने पर सुबह से ही लोग किले पर जुटने शुरू हो गए थे। पूर्व सांसद का शव दिन में लगभग साढ़े ग्यारह बजे एंबुलेंस से जयपुर से किले पहुंचा तो लोगों की आंखें नम हो गई। यहां से घंटे भर बाद शव यात्रा पुश्तैनी स्थल कटरा टैंक के लिए चली। लगभग तीन किमी का सफर तय करने में घंटे भर से अधिक समय लग गया। अपराह्न लगभग पौने तीन बजे बड़े राजा के पुत्र राजा अनिल प्रताप सिंह ने मुखाग्नि दी। अंत्येष्टि स्थल पर पहुंच कर कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रमोद तिवारी, सुल्तानपुर के सांसद संजय सिंह, बलरामपुर के राजा धर्मेंद्र सिंह, पूर्व सांसद सीएन सिंह, पूर्व रानीगंज विधायक शिवाकांत ओझा, बाबागंज विधायक विनोद सरोज, यहां पूर्व मंत्री राजाराम पांडेय, पूर्व सांसद सुरेश पासी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद मौर्य, पूर्व एमएलसी बब्बू राजा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष इसहाक खां समेत तमाम लोगों ने श्रद्धांजलि दी। सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह ने किले में पहुंच कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर