राष्ट्र उत्थान के लिए दायित्व निभाएं : बेरी
बीसलपुर : राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अखिल भारतीय पदाधिकारी अशोक बेरी ने कहा कि संघ कार्यकर्ता समाज व राष्ट्र उत्थान के लिए पूरी ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
मंगलवार को श्री बेरी शहर के आर्य समाज मंदिर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के गुरु दक्षिणा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने संघ कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों का बोध कराया। कहा कि संघ से जुड़कर ही लोगों के व्यक्तित्व का सही तरीके से विकास होता है। यह एक ऐसा संगठन है जो नि:स्वार्थ भाव से राष्ट्र उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने भगवा ध्वज के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि यह ध्वज हमारी श्रद्धा, विश्वास एवं संस्कृति का प्रतीक है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को इसका सम्मान करना चाहिए। भगवा ध्वज की प्रेरणा से ही राष्ट्र निर्माण के पथ पर अग्रसर होना है। उन्होंने गुरु दक्षिणा के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष में एक बार ही इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इसलिए प्रत्येक संघ कार्यकर्ता को इसमें बढ़ चढ़कर सहभागिता करनी चाहिए। संघ कार्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति की शक्ति और बुद्धि पूर्ण रूप से काम में आनी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता निरंजन स्वरूप नगाइच ने की। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयं संघ के सहजिला कार्यवाह भद्रपाल गंगवार, नगर संघ चालक ब्रह्मऔतार अग्रवाल, गिरीशचंद्र मिश्र, ईश्वर सिंह, धमेंद्र शुक्ल, प्रमोद कुमार, महेंद्रपाल, डा. तुलाई सिंह गंगवार, डा.सुरेंद्र गंगवार, नन्हेंलाल साहू, जिला प्रचारक चंदन सिंह, दिनेश लवानिया, गोपाल श्रीवास्तव, रमेशपाल गंगवार, डा. योगेश कुमार, सतीश चंद्र गंगवार, हरिओम अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।