पांच और महिलाओं की कटी चोटियां
संवाद सहयोगी,बीसलपुर (पीलीभीत) : क्षेत्र में महिलाओं की चोट कटने का सिलसिला थमने का नाम नही
संवाद सहयोगी,बीसलपुर (पीलीभीत) : क्षेत्र में महिलाओं की चोट कटने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। क्षेत्र में पांच और महिलाओं की चोटी कट गई। चोटी कटने के बाद बेहोश हुई महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। लगातार चोटी कटने की हो रही घटनाओं से महिलाओं में दहशत है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नवदिया सितारगंज में इमाम खां की पत्नी शबनम बेगम आज सुबह घरेलू कार्य करने के बाद अपने बाल संभाल रही थी। इसी दौरान उनकी चोटी कट कर जमीन पर गिर गई। जिसे देखकर वह बेहोश हो गई। इसी गांव की नेमचंद की पत्नी गुडिया भी घर पर काम कर रही थीं अचानक उनकी चोटी कट गई। ग्राम चौसरा निवासी मुनेन्द्रपाल की पत्नी सीमा शर्मा बीती रात सो रही थीं। सुबह उठने पर उन्होंने अपनी चोटी कटी पाई जिसे देखकर उनकी चीख निकल गई। ग्राम सुकटिया निवासी सोमपाल की पत्नी मुन्नी देवी घरेलू काम कर रही थी। उन्हें महसूस हुआ किसी ने पीछे से बाल खींचकर चोटी काट ली। इसके अलावा ग्राम मंडरासुमन निवासी श्रीकृष्ण की पत्नी राधादेवी की चोटी भी कट गई सभी महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। पुलिस महकमा घटनाओं को लेकर असमंजस में है।