पड़ोसी ने विवाहिता से किया दुष्कर्म
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : सड़क पर सवारी का इंतजार कर रही महिला को घर ले जाने के बहाने पड़ोसी ने बाइक
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : सड़क पर सवारी का इंतजार कर रही महिला को घर ले जाने के बहाने पड़ोसी ने बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में गन्ने के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत के बाबजूद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। अब कोर्ट के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक और मामले में दुष्कर्म की शिकार महिला ने घटना की शिकायत पुलिस से की तो जहानाबाद पुलिस ने दुष्कर्म के बजाय मारपीट की एनसीआर दर्ज कर ली। पीड़ित ने जहानाबाद पुलिस की शिकायत एसपी से की है।
थाना बरखेड़ा क्षेत्र निवासी एक महिला के मुताबिक वह गत 22 अगस्त को आसाम चौराहे पर सवारी का इंतजार कर रही थी। इसी बीच उसके गांव में घर के पड़ोस में रहने वाला खेमकरन पुत्र झम्मनलाल मिल गया। पड़ोसी होने के नाते वह खेमकरन की बाइक पर बैठ गई। इसी बीच आरोपी उसको लेकर बीसलपुर रोड पर ग्राम सड़िया के समीप खेतों की ओर चल दिया। उसके पूछने पर आरोपी ने कहा कि उसको एक काम है। वह निपटाकर अभी चल रहा है। खेत में ले जाकर आरोपी ने बाइक रोककर उसको खेत में खींच ले गया। जहां उसने मुंह पर कपड़ा ठूंसकर उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करने के बाद आरोपी ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने घर जाकर अपने पति को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। 23 अगस्त को वह थाना सुनगढ़ी गई। शिकायत के बावजूद सुनगढ़ी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया तो उसने उच्चाधिकारियों से भी गुहार लगाई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने आरोपी खेमकरन के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम ढकिया नथा निवासी एक युवक के मुताबिक वह एक अक्टूबर की रात में ग्राम कनाकोर में लगने वाला मेला देखने गया था। इसी बीच पड़ोस में रहने वाले युवक ने घर में घुसकर उसकी पत्नी से दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं पुलिस में शिकायत करने पर उसे और उसके पति को जान से मारने की भी धमकी दी। पति के वापस आने पर महिला ने घटना की जानकारी दी। आरोप है कि जहानाबाद पुलिस ने तहरीर फाड़ दी और मनगढ़त तहरीर लिखवा ली। जिसमें दुष्कर्म के बजाय मारपीट होना दिखाया। जब उसने दरोगा से इसका विरोध किया तो दरोगा जी ने धमकाते हुए फर्जी मुकदमे में जेल भेज देने की भी धमकी दी। पीड़ित ने एसपी जवाहर से मिलकर घटना की जानकारी देकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।