Move to Jagran APP

रंज-ओ-गम के बीच निकाले गए ताजिए

By Edited By: Published: Fri, 15 Nov 2013 11:14 PM (IST)Updated: Fri, 15 Nov 2013 11:15 PM (IST)
रंज-ओ-गम के बीच निकाले गए ताजिए

पीलीभीत : पूरे जिले में रंज ओ गम के साथ ताजियों के जलूस निकाले गए। जुलूसों में शामिल हजारों लोग हुसैन हुसैन के नारे लगाते हुए गम का इजहार कर रहे थे। जुलूसों के रास्तों में अनेक स्थानों पर लंगर तकसीम जाता रहा। ताजियों की खूबसूरती देखने के लिए सड़कों के किनारे तमाम लोगों की भीड़ जुटी रही।

loksabha election banner

शुक्रवार को अपराह्न शहर में बेलों वाले चौराहे से मुहर्रम का जुलूस शुरू हुआ। चंदोई का ताजिया भी यहीं से जुलूस में शामिल हो गया। इसके बाद ताजियों के साथ जुलूस आगे बढ़ा। कमल्ले चौराहा से होते हुए चौक बाजार, जेपी रोड, बरेली गेट से होकर लकड़ी मंडी, रोडवेज बस स्टेशन के सामने से होते हुए जुलूस ईदगाह मार्ग से करबला में पहुंचा, जहां पूरी अकीदत से ताजिये दफनाए गए। काफी लंबे इस जुलूस में छोटे-बड़े तकरीबन तीन दर्जन से अधिक ताजिये शामिल थे। जुलूस में शामिल हजारों लोग हुसैन हुसैन की आवाज बुलंद कर रंज ओ गम का इजहार कर रहे थे। कई मौलाना माइक पर करबला की शहादत का मंजर बयां कर रहे थे। जुलूस के रास्ते में अनेक स्थानों पर ताजियेदारों को लंगर तकसीम किया गया। जुलूस में शामिल ताजियों की खूबसूरती देखने के लिए सड़कों के किनारे महिलाओं, बच्चों तथा पुरुषों की भीड़ जमा रही। जुलूस के पूरे रास्ते सुरक्षा का व्यापक प्रबंध किया गया था। जगह-जगह पर तैनात पुलिस वाहनों का आवागमन रोकते हुए जुलूस को रास्ता देने में जुटी रही। जिलाधिकारी ओम नारायण सिंह व पुलिस अधीक्षक एन कोलांचि भी ईदगाह क्रासिंग के निकट खड़े रहकर जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। उधर, गौहनिया, चिड़ियादाह आदि गांवों के ताजियों का जुलूस टनकपुर हाईवे स्थित गौहनिया चौराहा से छतरी चौराहा, नौगवां क्रासिंग चौराहा होते हुए करबला पहुंचा। करबला में पूरी अकीदत के साथ ताजिये दफनाए गए।

न्यूरिया: कस्बे में रंज ओ गम के साथ मुहर्रम के अवसर पर ताजिए निकाले गए। इस मौके पर या हुसैन या हुसैन की सदाएं गूंजी।

पूरनपुर : नगर में ताजियों का जुलूस निकाला गया। इसमें रंगरेजों का खूबसूरत ताजिया मुहल्ला चौक से उठा इसे रफीउल्ला, अखलाख अहमद, गुड्डू, शौकत ने भव्य रूप देकर सजाया। इसके अलावा मुहल्ला वमनपुरी, कुरैशियान और खानकाह का कल्लन खां का भव्य ताजियों के अलावा अन्य छोटे-छोटे ताजिये शामिल थे। बैण्डबाजों, नगाड़ों की धुनों पर मुस्लिम समाज के लोग मातम मनाते हुए साथ चल रहे थे। स्टेशन चौराहे से माधोटांडा मार्ग होता हुआ टांडा रेलवे क्रासिंग से होकर कर्बला पहुंचा। इस अवसर पर पैगम्बरे इस्लाम के नवासे इमाम हुसैन की कुर्बानी को याद करते हुए नारे लगाते चल रहे थे। यौमे आशूरा के दिन जीएमजी ग्रुप द्वारा आयोजित कांफ्रेंस में शाहजहांपुर के सैय्यद अहसन मियां ने खिताब करते हुए कहा कि पैगम्बरे इस्लाम के नवासे इमाम हुसैन ने अपने पूरे कुनबे को कुर्बान कर दिया था। कांफ्रेंस में हजरत मौलाना अनस रजा ने दुआ की। जीएमजी ग्रुप के सदस्यों ने 50 निर्धन, बेसहारा विधवाओं को कम्बल वितरित किए। इस अवसर पर नगर के विभिन्न मार्गो को पुलिस ने सीलकर वाहनों के आवागमन को रोक दिया था। जुलूस के साथ भारी पुलिस फोर्स, प्रभारी निरीक्षक अनिल शर्मा, पूर्व चेयरमैन मुन्ने मियां, तौफीक अहमद कादरी आदि चल रहे थे।

दिलावरपुर: बलरामपुर चौकी क्षेत्र के गांव गुलड़ियाभूपसिंह व सिकरहना में मुहर्रम मनाया गया। ताजियों का जुलूस निकालकर कर्बला में दफन किए गए। इसमें पुलिस फोर्स मौजूद रही।

शेरपुरकलां: कस्बे में शनिवार को ताजिए निकाले जाएंगे। लोगों ने अपने-अपने ताजिए सजाकर रखे हुए हैं। शनिवार को मेला भी लगेगा।

हजारा: क्षेत्र में ताजियों का जुलूस निकाला गया। बाद में ताजियों को कर्बला में दफन कर दिया गया। इसमें एसओ मनोज कुमार बिरला पुलिस व पीएसी बल के साथ मौजूद रहे।

पिपरिया संतोष: क्षेत्र में ताजिए सजाकर जुलूस निकाला गया। डगा में करबला पर मेला लगा। इसमें ताजिएदार पहुंचे। ताजिए दफन करके लोगों ने खरीददारी भी की।

गढ़वाखेड़ा: गोरा और रायपुर के बीच कर्बला पर इलाके भर के ताजिये एकत्र हुए। इसमें जादौपुर का ताजिया प्रथम घोषित किया गया। गोरा दूसरे, सिमरिया तीसरे और कजरी का ताजिया चौथे स्थान पर रहा। इन सभी को पुरस्कृत किया गया। यहां शनिवार को सुबह के समय ताजिये दफन किए जाएंगे।

गजरौला: कस्बे में ताजिये निकालने को लेकर काफी पुराना विवाद चला आ रहा है। इसको लेकर पहले से ही यह क्षेत्र अतिसंवेदनशील घोषित किया गया था। काफी अधिक भीड़ देखकर एसओ ने जरा, सुहास व रिछौला चौकियों से पुलिस बुला ली थी। शाम को ताजिये इमामबाड़े में रख दिए गए। इस पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। यहां सुरक्षा के लिए एडीएम, एएसपी समेत अन्य अफसर डटे रहे।

बीसलपुर: शहर के मुहल्ला ग्यासपुर, मुहल्ला हबीबुल्ला खां जुनुबी, मुहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली आदि में ताजियेदारों ने ताजियों का जुलूस निकाला। जुलूस निर्धारित मागरें से होते हुए करबला पहुंचा। करबला में मातम करते हुए ताजिये दफनाए गए। ताजियों के जुलूस के दौरान सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त रहा। उपजिलाधिकारी रामप्रकाश, सीओ जीएस राठी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस के जवान मौजूद थे।

मीरपुर: मुहर्रम परंपरागत तरीके से मनाया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच ताजिये करबला में दफन किए गए। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने यहंा का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसडीएम व सीओ भी मौजूद रहे।

दियोरिया: क्षेत्र में मुहर्रम रंजोगम के माहौल में मनाया गया। बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने ताजिये का जुलूस निकाला।

बिलसंडा: ग्राम घुघैरा, विलासपुर, नौगवा अंबर, कल्यानपुर ता. करेली, हर्रायपुर में मुहर्रम पर ताजिये कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उठे। सुरक्षा व्यवस्था में एसओ केके यादव और एडीओ सहकारिता वीरेन्द्र कुमार लगे रहे।

अमरिया: नवासा ए रसूल हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में लोगों ने घरों में जिक्र ए हुसेन की महफिले सजाई। शुक्रवार को ताजियों को सजाकर गांव में घुमाकर अकीदतमंदों ने ऐहतराम के साथ जियारत की। क्षेत्र के धुंधरी, तुरकुनिया, सरैनी, करगैना, परेवा वैश्य, माधौपुर, पिंजरा बमनपुरी, हर्रायपुर, बासखेड़ा, मुडलिया गौसू आदि जगहों पर मुहर्रम रंजोगम के माहौल में सुबह से शाम तक नियाज फातिहा का दौर चला। लोगों ने शहीदाने करबला की मोहब्बत में रोजे रखे।

बरखेड़ा: मुहर्रम पर कस्बे में ताजियों का जुलूस निकालकर हजरत इमाम हसन हुसैन को याद किया गया। जुलूस दौलतपुर मार्ग के निकट स्थित मैदान में ताजियों के तख्त रखे गए। वहां लोगों ने नियाज चढ़ाई। ताजिया मैदान मेले के रूप में तब्दील था। इसके अलावा पौटा, खमरिया, पंडरी, नरायनठेर, पृथ्वीपुर, दौलतपुर, गाजीपुर मुगल गांवों में ताजियेदारों ने जुलूस निकाला। देर शाम करबला में ताजिये दफनाए गए। सुरक्षा के लिए कोतवाल ब्रजेश सिंह, उपजिलाधिकारी, सीओ ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का दौरा किया।

रम्पुरामिश्र: क्षेत्र में ताजियों का मातमी माहौल में जुलूस निकाला गया। मुडसैना करबला में बसन्तपुर, भगाडांडी, सेमरखेड़ा, चक के ताजियों को सुपुर्देखाक किया गया। वहीं गौनेरी वदी, वाकरगंज, अकबरगंज सहित कई गांवों के ताजियों को करबला में सुपुर्देखाक किया गया। मुडसैना व बाकरगंज में लगे मेले में भारी भीड़ रही।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.