तेजपाल नागर के हाथ लगी बाजी
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : लंबी जद्दोजहद के बाद भाजपा ने दादरी से तेजपाल नागर को अपना प्रत्याशी
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : लंबी जद्दोजहद के बाद भाजपा ने दादरी से तेजपाल नागर को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पिछले दो दिन से टिकट के दावेदार दिल्ली में डेरा डाले हुए थे। पल-पल प्रत्याशियों के अलग-अलग नामों की चर्चा उड़ती रही, लेकिन अंत में सभी दावेदारों को पछाड़ते हुए डा. महेश शर्मा के करीबी माने जाने वाले तेजपाल नागर के हाथ बाजी लगी। तेजपाल नागर वर्तमान में वैदपुरा गांव के संत विनोवा भावे इंटर कालेज में प्रधानाचार्य हैं। उन्हें शिक्षक के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए दो वर्ष पहले राज्यपाल का पुरस्कार मिला था। उन्होंने बायलॉजी से एमएससी किया है। कांग्रेस से उन्होंने राजनीति की शुरुआत की थी। बाद में उन्होंने बसपा का दामन थाम लिया। दो वर्ष पहले लोकसभा चुनाव के दौरान तेजपाल नागर बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। गुर्जरों के गांवों में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डा. महेश शर्मा को बड़ी तादात में बिरादरी के वोट दिलवाए। इससे तेजपाल नागर पार्टी और डा. महेश शर्मा की नजरों में चढ़ गए। एक तरह से उन्हें इसी चीज का फायदा मिला है। नागर को मधुरभाषी और राजनीति में पुराना अनुभव रखने वाला नेता माना जाता है। तीन बार वे दादरी क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य रहे हैं। गुर्जरों के साथ अन्य बिरादियों में भी उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। यही उनके टिकट का आधार भी बना। हालांकि, दादरी से भाजपा के 82 कार्यकर्ताओं ने दावेदारी पेश की थी। अंत में मास्टर तेजपाल नागर, पूर्व मंत्री नवाब ¨सह नागर, डा. अशोक नागर, बिजेंद्र भाटी और र¨वद्र तौंगड के बीच लड़ाई रह गई थी। पिछले दो दिनों में भी तेजपाल नागर, कभी नवाब ¨सह नागर तो कभी बिजेंद्र भाटी के प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा उड़ती रहीं। अंत में सबको पिछाड़ते हुए तेजपाल नागर के हाथ बाजी लगी।