नोएडा में दखल बढ़ाने में जुटा शिवपाल यादव खेमा
फोटो एनडीपी - रामगोपाल यादव के गढ़ में पहली बार लगे शिवपाल यादव के सिंगल पर्सनालिटी फोटो होर्डिंग
फोटो एनडीपी
- रामगोपाल यादव के गढ़ में पहली बार लगे शिवपाल यादव के सिंगल पर्सनालिटी फोटो होर्डिंग
- प्रदेश अध्यक्ष से जुड़े नेता तेजी से हुए सक्रिय, रामगोपाल के करीबियों को नीचा दिखाने में जुटे
ललित विजय, नोएडा : सामाजवादी पार्टी में छिड़े कुनबे की कलह का असर नोएडा में भी दिखने लगा है। नोएडा में सक्रिय सपा महासचिव रामगोपाल यादव के करीबियों को नीचा दिखाने में प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव के करीबी नेता जुट गए हैं। इसी के तहत सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव के शहर में दो सिंगल पर्सनालिटी फोटो होर्डिंग लगा दिए गए। रामगोपाल यादव के गढ़ नोएडा में ऐसा पहली बार हुआ जब शिवपाल यादव के सिंगल फोटो वाले होर्डिंग लगाए गए, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के भी फोटो नदारद हैं। हालांकि इसपर विवाद बढ़ता देख एक होर्डिंग को हटा दिया गया। सपा सूत्रों का मानना है कि शिवपाल यादव के होर्डिंग लगाकर नोएडा में उनका हस्तक्षेप बढ़ाने की कोशिश हो रही है। हालांकि सपा महानगर अध्यक्ष राकेश यादव का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव के सिंगल फोटो लगाना पार्टी लाइन के विपरित है। प्रदेश अध्यक्ष के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का फोटो जरूर लगाया जाना चाहिए था। होर्डिंग लगाने वाले नेता की शिकायत शिवपाल यादव से की जाएगी।
नोएडा में हमेशा से रहा है रामगोपाल यादव का रुतबा
मुलायम सरकार से लेकर अखिलेश सरकार तक नोएडा में हमेशा रामगोपाल यादव का ही रुतबा रहा है। अधिकारियों से लेकर नेताओं तक ने उनकी ही परिक्रमा कर अपने हित साधे। शिवपाल यादव की नोएडा में कभी नहीं चली। आलम यह रहा कि एसएसपी स्तर के अधिकारियों ने भी शिवपाल यादव की बात नहीं मानी। पिछले दिनों सपा साफ तौर पर दो खेमे में बंटी दिखी। एक खेमे में शिवपाल यादव और अमर सिंह हैं तो दूसरे खेमे में रामगोपाल यादव, आजम खां और अखिलेश यादव हैं। दोनों खेमा एक-दूसरे को नीचा दिखाने में जुटा है। रामगोपाल यादव और अखिलेश यादव के विरोध को दरकिनार कर मुलायम सिंह यादव ने अमर सिंह को राष्ट्रीय महासचिव बना दिया। इससे साफ तौर पर मैसेज गया कि रामगोपाल यादव से ज्यादा शिवपाल यादव को मुलायम सिंह यादव का समर्थन है। शिवपाल यादव खेमे को नोएडा में प्रभाव बढ़ाने का यह माकूल समय लगा। अचानक ही शिवपाल यादव से जुड़े नेता नोएडा में सक्रिय हो गए। 'शिवपाल फोर अस'ं स्लोगन के साथ शिवपाल यादव के होर्डिंग लगाने को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।
शिवपाल यादव से जुड़े अधिकारियों में घबराहट
सपा कुनबे की कलह के कारण पार्टी शिवपाल रंग में रंग रही है तो सरकार और अधिकारियों पर अखिलेश रंग चढ़ रहा है। ऐसे में नोएडा में शिवपाल यादव से जुड़े नेता तो खुश हैं लेकिन अधिकारियों की धड़कन तेज हो गए हैं। शिवपाल यादव से जुड़े अधिकारियों को तबादले का डर सता रहा है। रामगोपाल यादव से जुड़े अधिकारी शिवपाल यादव से जुड़े अधिकारियों की शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंचाने में भी जुट गए हैं।
शिवपाल के करीबी और इटावा के नेता ने लगवाए हैं होर्डिंग
सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव की होर्डिंग इटावा के रहने वाले उनके एक करीबी नेता ने लगवाए हैं। शिवपाल के यह करीबी नेता नोएडा में ही रहते हैं। अभी तक उनके बारे में ज्यादातर लोगों को पता नहीं था। शिवपाल यादव के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद तेजी से राजनीति और अधिकारियों में उनकी दखल बढ़ी है।
'मेरा मानना है कि प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव की इजाजत के बगैर ही उनके होर्डिंग लगाए गए हैं। पार्टी के नियमानुसार होर्डिंग में राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का फोटो जरूर होना चाहिए। जो लोग ऐसा कर रहे हैं, उनकी शिकायत मैं प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव से करूंगा। मेरा मानना है कि पार्टी के किसी अन्य नेता को नीचा दिखाने के लिए ऐसा नहीं किया गया है। - राकेश यादव, महानगर अध्यक्ष सपा