बीएमडब्ल्यू हिट एंड रन के आरोपी ने अफगानी नागरिक को पीटा
जागरण संवाददाता, नोएडा : बीएमडब्ल्यू कार से 16 अप्रैल को सेक्टर-22 में चार लोगों को रौंदने के आरोपी
जागरण संवाददाता, नोएडा : बीएमडब्ल्यू कार से 16 अप्रैल को सेक्टर-22 में चार लोगों को रौंदने के आरोपी विनोद ने जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद अब अफगानी मूल के नागरिक को बंधक बनाकर बुरी तरह से पीटा। पिटाई में उसके भाई अजय ने भी साथ दिया। पीड़ित ने कोतवाली सेक्टर-24 में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने अजय को गिरफ्तार कर लिया जबकि विनोद अभी फरार है। कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही हैं। हालांकि पुलिस को जानकारी मिली है कि वह गिरफ्तारी पर रोक लगवाने के लिए कोर्ट की शरण में जा सकता है।
सेक्टर-27 में रहने वाले कासिम अहमदी मूल रूप से अफगानी नागरिक हैं। वह 24 साल से भारत में रह रहे हैं। कासिम सेक्टर-22 स्थित विनोद के जिम में कसरत करने जाते थे। चार-पाच माह से कासिम ने जिम जाना बंद कर दिया। कासिम का आरोप है कि जिम संचालक विनोद और उसके भाई अजय इस बात पर रंजिश रखते थे। पुलिस को दर्ज कराई एफआईआर में आरोप लगाया कि 25 जुलाई की सुबह छह बजे वह सेक्टर-12-22 चौराहे पर थे। इसी दौरान विनोद और अजय ने उन्हें अपनी कार में बंधक बना लिया और जिम में ले जाकर बुरी तरह से पीटा। पिटाई से कासिम का चेहरा बाईं तरफ से सुन्न है। कान में भी चोट है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जिम संचालक अजय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विनोद फरार है। कोतवाली सेक्टर-24 प्रभारी नीरज कुमार का कहना है कि विनोद देधा बीएमडब्लू हिट एंड रन केस में भी आरोपी था। मारपीट के मामले में उसकी तलाश की जा रही है।
बीएमडब्लू हिट एंड रन केस
16 अप्रैल को दोपहर 11:30 बजे नोएडा स्टेडियम के गेट नंबर-5 के सामने सेक्टर-22 में बीएमडब्ल्यू कार ने चार लोगों को टक्कर मार दी थी। इसमें गुलफॉम की मौत हो गई थी। अनवर, जोगेंद्र और प्रेम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस कार चालक विनोद देधा को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। एक माह बाद उसने कोर्ट में आत्म समर्पण कर दिया था। चंद दिन बाद ही उसकी जमानत हो गई थी। कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस एक बार फिर उसकी तलाश में जुट गई है।
पुलिस को आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।
- धर्मेंद्र सिंह, एसएसपी, गौतमबुद्धनगर।