कांग्रेस ने बताया मोदी को किसान विरोधी
जागरण संवाददाता, नोएडा : महानगर काग्रेस कमेटी नोएडा ने आज केंद्र सरकार के एक वर्ष पूरा करने पर मो
जागरण संवाददाता, नोएडा :
महानगर काग्रेस कमेटी नोएडा ने आज केंद्र सरकार के एक वर्ष पूरा करने पर मोदी सरकार की विफलताओं व नाकामियों को उजागर किया। पार्टी कार्यालय गिझौड़ पर महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने मोदी सरकार को किसान विरोधी करार दिया और आम लोगों से सरोकार न रखने वाली सरकार बताया।
कार्यालय पर हुई प्रेस वार्ता में मुकेश यादव ने कहा कि 26 मई 2014 को भाजपा सरकार बनने के बाद अंतर्राष्ट्रीय कच्चे तेल के मूल्य में भारी गिरावट आई। इस गिरावट का जो लाभ जनता को मिलना चाहिये था, वो नहीं मिला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के एक साल पूरा होने पर कृषि क्षेत्र की दुर्दशा के चलते देश के 125 करोड़ नागरिकों में एक ही नारा गूंज रहा है किसान विरोधी नरेंद्र मोदी। मोदी सरकार और बेपरवाह प्रशासन गरीब किसान की पीड़ा और वेदना समझने में पूर्णतया असमर्थ हैं। देश का अन्नदाता आज अस्तित्व के संकट से जूझ रहा है। इस दौरान प्रदेश संगठन मंत्री राजेंद्र अवाना ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता अमानवीय व विवादित टिप्पणियां कर किसानों के जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि कुछ पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिये नरेंद्र मोदी किसानों की जमीन छीनने पर उतारू हैं। मोदी सरकार के भूमि अधिग्रहण अध्यादेश 2015 ने उचित मुआवजा कानून 2013 के मूल को खत्म कर दिया है।
महानगर उपाध्यक्ष व प्रवक्ता पवन शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने वादों से मुंह फेर लिया है। जिनमें किसानों को लागत में 50 प्रतिशत लाभ देने का वादा टूटा, उचित न्यूनतम समर्थन मूल्य एक मायावी जाल बनकर रह गया। राष्ट्रीय सुरक्षा बजट में आधी कटौती कर देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया। मोदी सरकार राष्ट्रीय हित व राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है। इस मौके पर दिनेश अवाना, लियाकत चौधरी, सतेंद्र शर्मा, विक्रम सेठी, यतेन्द्र शर्मा, गुलाब प्रजापति व सतीश पंचाल सहित काफी लोग मौजूद रहे।