Move to Jagran APP

आम जनता की जद में होगा एयर-वे : डॉ. महेश शर्मा

अटल सरकार के बाद एयर इंडिया पहली बार ऑपरेशनल मुनाफे में आया। पर्यटन के क्षेत्र में 11.5 प्रतिशत विदे

By Edited By: Published: Mon, 25 May 2015 06:38 PM (IST)Updated: Mon, 25 May 2015 06:38 PM (IST)
आम जनता की जद में होगा एयर-वे : डॉ. महेश शर्मा

अटल सरकार के बाद एयर इंडिया पहली बार ऑपरेशनल मुनाफे में आया। पर्यटन के क्षेत्र में 11.5 प्रतिशत विदेश मुद्रा में बढ़ोतरी हुई। 10.6 प्रतिशत विदेशी पर्यटक बढ़े। केंद्रीय पर्यटन, सांस्कृति एवं नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री(स्वतंत्र प्रभार) डॉ. महेश शर्मा इसे अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि मानते हैं। इसके पीछे वह नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत की विश्व में बदली छवि को सबसे बड़ा कारण बताते हैं। उनका मानना है कि भारतीय राजनीति और सरकार के प्रति विश्वभर में विश्वास बढ़ा है। उनकी योजना एयर-वे को आम जनता की पहुंच में लाने की है। नरेंद्र मोदी सरकार के एक साल पूरा होने पर उनसे विभिन्न विषयों पर मुख्य संवाददाता मनोज त्यागी और वरिष्ठ संवाददाता ललित विजय ने विस्तार से बातचीत की। पेश हैं प्रमुख अंश -

loksabha election banner

पर्यटन के क्षेत्र में भारत को विश्व पटल पर लाने के लिए आपकी योजना?

- मुख्य पर्यटक गंतव्यों पर वाई-फाई सुविधा उपलब्धि कराई जाएगी। पर्यटकों की सुरक्षा और संरक्षा के लिए बहु भाषाओं में मोबाइल एप एक वर्ष में शुरू करना है। धार्मिक रुचि के विभिन्न स्थानों को जोड़ने के लिए जगन्नाथ पुरी से द्वारका तक समुंद्र पर एक 'चार धाम' क्रूज की योजना बन रही है। नदी क्रूज भी विचाराधीन है। पर्यटन के क्षेत्र में भारत का प्रदर्शन बेहतर हुआ है। 10.6 प्रतिशत विदेशी पर्यटक बढ़े हैं। 11.5 प्रतिशत विदेशी मुद्रा में बढ़ोतरी हुई है।

पर्यटन के क्षेत्र में ई गवर्नेस का विस्तार करने के लिए क्या प्रयास हो रहा है?

- ताजमहल आगरा और हुमायूं का मकबरा दिल्ली के लिए वेब आधारित ई-टिकटिंग व्यवस्था को शुरू किया गया है। ताज कॉरिडोर की 22 हेक्टेयर जमीन को कोर्ट ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण संस्थान को सौंप दिया है। उस जमीन पर केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय हरियाली विकसित करेगा, जिससे लोगों को एक और पर्यटन स्थल मिल सके। व‌र्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के हिसाब से भी पर्यटन के क्षेत्र में भारत 65 से 52 वें स्थान पर आ गया है।

लेट-लतीफी और घाटा एयर इंडिया की पहचान बनती जा रही है, इस छवि को कैसे बदलेंगे?

- आपकी बात ठीक है। मोदी सरकार को एयर इंडिया 50 हजार करोड़ के घाटे में मिला था, लेकिन आप जानकर आश्चर्य करेंगे कि महज एक साल में एयर इंडिया को ऑपरेशनल मुनाफे में ला दिया गया है। ऐसा अब से पहले सिर्फ अटल सरकार में हुआ है। पहले एयर इंडिया की 67 प्रतिशत फ्लाइट ही समय पर चलती थी, अब 82-84 प्रतिशत फ्लाइट ऑन टाइम चल रही है। मोहाली और तिरुपति में नए हवाई अड्डे टर्मिनल की शुरुआत हुई है।

एयर-वे आम जनता की पहुंच में कब तक आ जाएगा?

- एयर इंडिया को टायर टू सिटी तक ले जाने की योजना है। 42 हवाई पट्टी ऐसी है, जिसका संचालन नहीं हो रहा है। इसे जल्द शुरू कराया जाएगा, जिससे छोटे शहरों के लोगों की पहुंच हवाई जहाज तक हो जाएगी। जब संभावनाएं बढ़ेगी तो किराया भी घटेगा। भारतीय नागरिक उड्डयन अभी विश्व में 9 वें स्थान पर है, इसे 2020 तक 3 स्थान पर लाने की योजना है।

मौसम की मार झेल रहे किसानों तक केंद्र सरकार की मदद नहीं पहुंच रही है, ऐसा क्यों?

- यह आरोप निराधार है। केंद्र ने 770 करोड़ रुपये की सहायता राशि राज्य सरकारों को सौंपी है, जिसे किसान तक पहुंचाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। फिर भी गैर भाजपा शासित राज्य की सरकारें 70 और 75 रुपये का चेक किसानों को सौंप रही हैं। यह स्थिति राज्य सरकारों के नाकारापन का परिणाम है, जिसमें उत्तर प्रदेश प्रमुख है।

- नरेंद्र मोदी पर एनआरआइ प्रधानमंत्री होने का आरोप विपक्षी पार्टियां लगा रही हैं?

- नरेंद्र मोदी जी ने मनमोहन सिंह के बराबर ही विदेशी यात्राएं की हैं। मोदी जी ने विश्व में भारत का डंका बजाया है। भारतीयों का सम्मान बढ़ा है। आज तक चीन के राष्ट्रपति बीजिंग के अलावा किसी देश के राष्ट्राध्यक्ष से किसी अन्य शहर में नहीं मिले, लेकिन मोदी से उन्होंने शांक्सी में मुलाकात की। क्या प्रधानमंत्री के विदेश गए बिना यह सम्मान संभव है?

- नेपाल में भूकंप से विश्व धरोहर को नुकसान हुआ है, उसके जिर्णोद्धार के लिए भारत सरकार की क्या योजना है?

- भारत सरकार ने पशुपतिनाथ मंदिर, कुमारी कन्या मंदिर और स्वयंभू नाथ मंदिर के जिर्णोद्धार की इच्छा जताई है। इसके लिए मंजूरी भी मिल गई है। जल्द काम शुरू होगा।

क्या हमारी बात 2017 में भाजपा की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के दावेदार से हो रही है?

- (चेहरे पर रहस्यमयी भाव के साथ)मैं भाजपा का सामान्य कार्यकर्ता बनकर बेहद खुश हूं। प्रधानमंत्री जी ने मुझे तीन अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी दी है, जिसे पूरी क्षमता से निभा रहा हूं।

क्या भाजपा ने 2017 में सपा और बसपा को घेरने के लिए यादव सिंह को हथियार बनाया है?

- (तमतमाता चेहरा)यादव सिंह प्रकरण से दो सरकारों का चरित्र जनता के सामने आ गया है। गरीबों के पैसे से दोनों सरकारों ने अपनी तिजोरियां भरी हैं। भाजपा यादव सिंह को सजा दिलाकर रहेगी। साथ ही 2017 में सपा और बसपा को उत्तर प्रदेश से उखाड़ देगी।

राहुल गांधी का बदला स्वभाव और जनता परिवार का बदला स्वरूप मोदी सरकार के लिए कितनी बड़ी चुनौती है?

- (मंझे राजनेता की तरह)राहुल गांधी को गरीबों का मसीहा बनने की कोशिश में अभिनय करना पड़ता है, हमारे प्रधानमंत्री गरीबी से निकल कर आए हैं। गरीबी हमारे लिए मजबूरी है, उनके लिए मजा। अगर गरीबों और किसानों का चेहरा कांग्रेस के लिए राहुल गांधी हैं तो मुझे ऐसी पार्टी पर हंसी आती है। जहां तक बात जनता परिवार की है तो वह मेढ़क तौलने का हिस्सा है, जो एक जगह एक साथ रह ही नहीं सकते हैं।

- उड़ीसा के आप प्रभारी हैं, वहां भाजपा को लोकसभा में मोदी लहर के बाद भी सिर्फ एक सीट मिली। विधानसभा में महज 10 सीटें हैं। राज्य में पार्टी नेतृत्वहीनता की शिकार है। कैसे नैया पार लगेगी?

- (थोड़ा गंभीर भाव से)आप बिल्कुल सही हैं। भाजपा की स्थिति उड़ीसा में अच्छी नहीं है। मेरी कोशिश एक-एक कार्यकर्ता में जोश भरने की है, जिससे अगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन कर सके। इसमें कुछ सफलता भी हाथ लगी है।

- केंद्रीय मंत्री बनने के बाद डॉ. महेश शर्मा क्षेत्र से गायब हो गए हैं, ऐसा क्षेत्र की जनता का आरोप है?

- डॉ. महेश शर्मा गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र से कहीं गायब नहीं है। वह जनता के दिलों में है। कुछ मौका परस्त लोग ऐसा आरोप लगा रहे होंगे। मैंने दिल्ली में इसीलिए आवास नहीं लिया ताकि क्षेत्र में रहकर जनता की समस्या सुन सकूं। शनिवार और रविवार को पूरे दिन क्षेत्र की जनता से मिलता हूं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.