गति सीमा का उल्लंघन करने पर कई चालकों पर गिरी गाज
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) के चालक बसों के गति पर स
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) के चालक बसों के गति पर संयम नहीं रख पा रहे हैं। इसके कारण हर माह चालक विभागीय अधिकारियों के कोप भाजन के शिकार हो रहे हैं।
रोडवेज विभाग को आए दिन शिकायत मिल रही थी कि रोडवेज बसों के चालक गति पर नियंत्रण नहीं रख पाते हैं। वह काफी तेज गति से बस चलाते हैं। इससे आए दिन सवारियों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा मंडराता रहता है। इस समस्या से निजात पाने के लिए रोडवेज विभाग ने प्रदेश के सभी बसों को (वीटीएस) व्हीकल ट्रेकिंग सिस्टम से लैस किया था। इन बसों पर रोडवेज विभाग के मुख्यालय से मानिटरिंग की जा रही है। हालांकि वीटीएस पर नजर रखने के लिए एआरएम व आर एम को भी निर्देशित किया गया है। नोएडा रीजन के नोएडा व ग्रेटर नोएडा दोनों डिपो के बसों में वीटीएस सिस्टम लगा दिया गया है। इसकी मानिटरिंग में कई प्रकार की खामियां सामने आई थी। इसे दूर करने के बाद कई चालकों पर तेज गति से बस चलाने पर गाज गिरी है। कई चालकों को दंड के रूप में रूट आफ कर दिया गया। जबकि कुछ चालकों को सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।
अभी भी कई चालक गति सीमा का उल्लंघन कर रहे हैं। ऐसे चालकों को चिंहित कर अंतिम चेतावनी दी गई है। दोबारा गलती करने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसके वर्मा, एआरएम ग्रेटर नोएडा।