लोहिया ग्राम का डीएम ने लिया जायजा
जागरण संवादादाता, नोएडा : डाक्टर राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम के विकास कार्य के लिए प्रदेश सरकार
जागरण संवादादाता, नोएडा :
डाक्टर राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम के विकास कार्य के लिए प्रदेश सरकार के सख्त रुख के चलते अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। जिलाधिकारी चंद्रकांत ने बुधवार को दादरी क्षेत्र में ग्रामों का दौरा किया। उन्होंने लोहिया ग्राम सादिकपुर छिडौली सहित अन्य गांवों का दौरा किया। उन्होंने गांव में विकास कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान वह स्कूलों में भी गए। वहां उन्होंने बच्चों और शिक्षकों से भी बात की। जिलाधिकारी ने पूछा कि बच्चों को ड्रेस मिल गई। उन्हें मिड डे मील चार्ट के मुताबिक ही मिल रहा है। इसके साथ ही पठन और पाठन के बारे में भी जानकारी ली। जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान जिलास्तर से लेकर तहसील व ब्लॉक स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने उन्हें निर्देश दिया कि लोहिया ग्राम में जो भी विकास कार्य होने हैं,उन्हें जल्द पूरा किया जाए। अगर कार्य समय से पूरे नहीं होंगे, तो इसके लिए जिम्मेवार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।