उद्योगपतियों व श्रमिकों के बीच सामंजस्य जरूरी : उप श्रमायुक्त
जागरण संवाददाता, नोएडा : सेक्टर-27 स्थित होटल फॉर्चून में शनिवार की देर रात उत्तर प्रदेश कोरोगेटड
जागरण संवाददाता, नोएडा :
सेक्टर-27 स्थित होटल फॉर्चून में शनिवार की देर रात उत्तर प्रदेश कोरोगेटड बॉक्स निर्माताओं के संगठन की 26वीं वार्षिक आम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उप श्रमायुक्त शमीम अख्तर ने कहा कि बेहतर औद्योगिक विकास के लिए उद्योगपतियों व श्रमिकों के बीच सामंजस्य होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि श्रम कानूनों के प्रति जागरूकता भी होनी चाहिए। जागरूकता होने से उद्यमियों व श्रमिकों के बीच अनावश्यक रूप से होने वाले छोटे-छोटे विवादों से बचा जा सकता है। इसमें दोनों का ही फायदा है। कानूनों की जानकारी होने से अनावश्यक हस्तक्षेप से भी छुटकारा मिलता है। उन्होंने इस दौरान उद्यमियों व श्रमिकों के बीच बढ़ते विवाद को लेकर चिंता भी जाहिर की। इन दिनों उपश्रमायुक्त कार्यालय में उद्यमियों व श्रमिकों के बीच विवादों झड़ी लगी हुई है। शमीम अख्तर ने पिछले 6 माह के दौरान कई गंभीर विवादों को सुलझाया है। उनकी छवि बहुत ही ईमानदार अधिकारी की रही है। अपनी निष्ठा के लिए वह मशहूर हैं। छह माह में ही हजारों श्रमिकों को वह न्याय दिला चुके हैं।
वहीं इस मौके पर जिला उद्योग के उपायुक्त आरके यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम श्रेणी के उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाओं को लेकर आई है। इन नीतियों से नये उद्योगों के प्रदेश में स्थापित करने में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। किसी भी उत्पादित सामान को सुरक्षित स्थानान्तरित करने और अधिक आकर्षक वाह्यं स्वरूप देने के लिए पैकेजिंग का बहुत महत्वपूर्ण योगदान होता है। अत: नये उद्योगों के प्रदेश में आगमन पर पैकेजिंग उद्योग को स्वत: ही बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान उन्होंने कलस्टर योजना 2014 एवं समस्त शासनादेशों की चर्चा की। उन्होंने छोटे उद्योगों को इस उन्नतशील योजनाओं में सम्मिलत होकर कार्य करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि कार्यालय पर आकर प्रदेश सरकार की विभिन्न आर्थिक योजनओं की जानकारी ले सकते हैं। प्रदेश सरकार रिसर्च और डेवलपमेंट पर कई प्रकार की सब्सिडी प्रदान करती है।