पाक को मिलेगा अब मुंहतोड़ जवाब : गृहमंत्री
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : भारत पड़ोसी मुल्कों से मधुर रिश्ते रखना चाहता है। इस दिशा में केंद्र
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : भारत पड़ोसी मुल्कों से मधुर रिश्ते रखना चाहता है। इस दिशा में केंद्र सरकार ने मजबूती से आगे कदम बढ़ाए हैं। पाकिस्तान लगातार सीमा रेखा का उल्लंघन कर गोलीबारी करने से बाज नहीं आ रहा है। चीनी सैनिक भी भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास करते हैं। दोनों देश अपनी हरकतों से बाज नहीं आए तो इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। भविष्य में सीमा पर गोलीबारी की घटना हुई तो उससे देश की सेना सख्ती से निबटेगी। विरोधी सेना को करारा जवाब मिलेगा। यह बात देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ग्रेटर नोएडा स्थित भारत तिब्बत सीमा पुलिस(आइटीबीपी) के कैंप में 53 वें स्थापना दिवस के मौके पर कही।
उन्होंने कहा कि विश्व शांति के लिए भारत बातचीत के जरिये सीमा विवाद को सुलझाने का प्रयास करा रहा है। कोई पीठ पर गोली चलाएगा तो हम भी मुंहतोड़ जवाब देना जानते हैं। हम इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र संघ में भी उठाएंगे। ताकि दोनों देशों पर अंतर्राष्ट्रीय दबाव भी बनाया जा सके। दिवाली के दिन भी पाकिस्तान की सीमा पर घुसपैठ की कोशिश व गोलीबारी की गई, लेकिन सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने उन्हें मुंहतोड़ जवाब देते हुए पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। यही हालात चीन के सीमा पर भी हैं। कुछ दिनों पूर्व चीनी प्रधानमंत्री के भारत दौरे पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलाकात के दौरान सीमा विवाद को प्रमुखता से उठाया था। राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर हमारे देश के आम लोग भी सेना के जवान की तरह कदम से कदम मिला कर चलना शुरू कर दें तो किसी की हिम्मत नहीं कि हिन्दुस्तान की तरफ आंख उठा कर भी देख ले। हमारे पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान और चीन के इरादे नेक नहीं हैं। बीते दिनों पाकिस्तान व चीन द्वारा सीजफायर की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने बीते दिनों भारतीय सीमा पर गोलीबारी शुरू की थी। इसका मुंहतोड़ जवाब मिलने पर वह पीछे हटने पर मजबूर हुआ। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुझसे सलाह मांगी थी। मैने स्पष्ट कहा था कि शुरुआत हमारी तरफ से नहीं होनी चाहिए, लेकिन उधर से गोली चले तो उसका करारा जवाब दिया जाना चाहिए। यही हाल चीन के साथ है। हम सेना के लिए सड़क भी तैयार करते हैं तो चीन के सीने में चुभन होती है। चीन द्वारा सीमा रेखा पर सीजफायर का उल्लंघन करने पर भी हम मित्रता से इस बात को निपटाने की कोशिश करते हैं। भारत किसी से कम नहीं हैं। हमारे पास पर्याप्त संसाधन हैं। अच्छे देशभक्त जांबाज जवान हैं। सेना के जवान किसी देश की सेना से डटकर मुकाबला कर सकते हैं। भारत शांति प्रिय देश है। हम आपसी बातचीत के जरिये विवाद को निपटाना चाहते हैं। लेकिन अगर कोई हमारे देश की सीमा रेखा को लांघने का प्रयास करेगा तो उसे मुंहतोड़ जबाव दिया जाएगा।