चंद्रमोहन पर और कसेगा शिकंजा
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : विक्षिप्त को कार में जला कर हत्या करने व फर्जी दस्तावेज व गवाह तैयार कर प्रेमिका से शादी रचाने वाले आरटीआइ कार्यकर्ता चंद्रमोहन शर्मा के खिलाफ पुलिस धोखाधड़ी, कूटनीति व साजिश रचने का मामला भी दर्ज करेगी।
कोतवाली प्रभारी समरजीत सिंह ने बताया कि एक मई की रात विक्षिप्त को कार में जला कर हत्या करने वाले चंद्रमोहन को गिरफ्तार कर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया था। पुलिस अब चंद्रमोहन के बारे में अन्य जानकारियां जुटाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उसका सहयोगी रहे साले विदेस की गिरफ्तारी होने के बाद मामले में नया मोड़ आने की उम्मीद है। पुलिस विदेस के गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। इधर, कासना पुलिस धारा 420, 467, 468 में दर्ज करने की पहल कर रही है। कासना पुलिस को आर्य समाज मंदिर में चंद्रमोहन के शादी होने की सूचना मिली थी। सूचना सटीक निकली। पुलिस ने रविवार को चंद्रमोहन शर्मा की शादी की तस्वीर बरामद कर शादी की चर्चा पर मुहर लगा दी। पुलिस का कहना है कि चंद्रमोहन शर्मा व उसकी प्रेमिका ने मयूर विहार का पता प्रस्तुत कर शादी रचाई थी। शादी में बतौर दो गवाह भी मौजूद थे। इनका पता भी फर्जी निकला। एक गवाह रामनेर व दूसरा बरेली का पता प्रस्तुत किया। पुलिस इनके बारे में जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में कई अन्य लोग भी शामिल हैं।
चंद्रमोहन ने फर्जी दस्तावेज बनाकर प्रेमिका के साथ विवाह किया था। उसने पत्नी व अन्य लोगों के खिलाफ धोखा व षडयंत्र रचा था। पुलिस संबंधित धारा में मामला दर्ज कर रही है। विदेस के गिरफ्तार होने पर मामले में और सुराग हाथ लग सकता है।
-समरजीत सिंह, कोतवाली प्रभारी कासना।