रिश्वत न देने पर टेनिस कोच की पिटाई का आरोप
जागरण संवाददाता, नोएडा :
टेनिस कोच संतोष शनिवार की रात सिटी सेंटर के पास परिजनों को घायलावस्था में मिला। परिजनों का आरोप है कि पीसीआर पुलिस कर्मियों ने रिश्वत के रूप में 500 रुपये न देने पर उसकी पिटाई की, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि पुलिस उसे सिटी सेंटर के पास सड़क हादसे में घायल होना बता रही है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संतोष झा (32) होशियार पुर में अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह मूल रूप से मधुबनी बिहार के रहने वाले हैं। संतोष इंदिरापुरम में टेनिस की कोचिंग चलाते हैं। वह शुक्रवार की देर रात दिल्ली के आरके पुरम से घर लौट रहे थे। कोच के परिजनों का आरोप है कि पीसीआर पुलिस कर्मियों ने रिश्वत न देने पर उसे पकड़कर पुलिस चौकी ले गए, जहां भी उसकी पिटाई की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संतोष झा शराब पीकर सिटी सेंटर के पास जा रहा था। उसी दौरान किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिसमें वह घायल हो गया था। उसकी मोटर क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने डॉक्टरों के हवाले से बताया कि जब उसे अस्पताल लाया गया तो वह शराब के नशे में था। डॉक्टरों को भी गाली दे रहा था।
टेनिस कोच की पिटाई की शिकायत मिली थी। एसपी सिटी और सीओ सिटी प्रथम ने जांच की। मामला पिटाई का नहीं निकला है। वह सड़क हादसे में घायल हुआ है।
डॉक्टर प्रीतेंदर सिंह, एसएसपी, गौतमबुद्धनगर।