पांच सौ वॉट बिजली से जगमगाएगा एफिल टावर
लोकेश चौहान, नोएडा :
दुनिया के सात अजूबों में से एक फ्रांस का एफिल टावर नोएडा में दिखाई देगा। वह भी पूरी तरह से बिजली से जगमगाता हुआ। इसकी लंबाई होगी 60 फुट और इसे जगमगाने के लिए लगाए जाएंगे करीब तीन लाख से अधिक बल्ब। बल्ब की इतनी अधिक संख्या होने के बाद भी बिजली की खपत काफी कम होगी। यह खपत सिर्फ इतनी होगी, जितनी बिजली सौ वाट के पांच बल्ब के जलाने पर खर्च होती है।
बिजली की फिजूलखर्ची को रोकने के लिए दुर्गा पूजा के माध्यम से एक संदेश लोगों को दिया जाएगा। सेक्टर-61 में होने वाले दुर्गा पूजा के कार्यक्रम के दौरान 60 फुट ऊंचा एफिल टावर 29 सितंबर को बनाया जाएगा। यह टावर तीन अक्टूबर तक सेक्टर-61 के सामुदायिक केंद्र में रहेगा। इस टावर को बनाने और जगमगाने के लिए करीब तीन लाख से अधिक एलईडी बल्ब लगाए जाएंगे। एलईडी बल्ब नाममात्र के लिए बिजली की खपत करते हैं। ऐसे में पूजा के जरिए लोगों को बिजली की बर्बादी को रोकने का संदेश देने के लिए यह एफिल टावर खड़ा किया जाएगा। दुर्गा पूजा के दौरान कई प्रकार के कार्यक्रम होंगे, लेकिन छह मंजिल ऊंचा एफिल टावर न सिर्फ दूर से दिखाई देगा, बल्कि लोगों के आकर्षण का केंद्र भी बनेगा। कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर-61 की बंगाली एसोसिएशन बालका द्वारा किया जाएगा। बालका के महासचिव अनुज चक्रवर्ती ने बताया कि इस बार दुर्गा पूजा की थीम बिजली बचाने को लेकर है। एफिल टावर के जरिए यह संदेश दिया जाएगा। इस टावर को बनाने के लिए पश्चिम बंगाल के चंदन नगर से दस इंजीनियरों की टीम आएगी। टीम को टावर बनाने में करीब पांच दिन का समय लगेगा।