Move to Jagran APP

आधी आबादी मतदान में पीछे

By Edited By: Published: Mon, 01 Sep 2014 06:23 PM (IST)Updated: Mon, 01 Sep 2014 06:23 PM (IST)
आधी आबादी मतदान में पीछे

जागरण संवाददाता, नोएडा : देश में महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार प्रयत्न किए जा रहे हैं। कई क्षेत्रों में महिलाएं अग्रणी भूमिका भी निभा रही हैं। गौतमबुद्ध नगर जिले में महिलाओं की साक्षरता दर दूसरे जिलों के मुकाबले बेहतर है। लेकिन यहां की महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग नहीं हैं। इसका अंदाजा वर्ष 2012 में नए परिसीमन के बाद नोएडा विधानसभा चुनाव के मतदान प्रतिशत से लगाया जा सकता है। विधानसभा चुनाव में खासकर शहरी क्षेत्र की महिलाएं मतदान में फिसड्डी रही थीं। हालांकि शहर की अपेक्षा ग्रामीण महिलाओं ने वोट डालने में जोश दिखाया था।

loksabha election banner

सदैव पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाली आधी आबादी लोकतंत्र के उत्सव में भूमिका निभाने में पीछे रहती है। करीब ढाई वर्ष पहले हुए विधानसभा चुनाव में जिले की तीनों विधान सभाओं की स्थिति पर नजर डालें तो उस समय यहां 56 फीसद मतदान हुआ था। इनमें 4 लाख 53 हजार 865 महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। सोचने वाली बात यह है कि नोएडा को जिले का सबसे साक्षर शहर माना जाता है, लेकिन यहां की महिलाएं दादरी और जेवर विधान सभा के मुकाबले कम संख्या में वोट डालने के लिए अपने घरों से निकलीं। सर्वाधिक जेवर विधानसभा सीट पर 60.40 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाले थे। जबकि शहरी क्षेत्र नोएडा में 47.46 फीसद महिलाओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। सवाल यह उठता है कि साक्षरता दर के मामले में गौतमबुद्ध नगर अन्य जिलों के मुकाबले काफी आगे है। यहां महिलाओं की साक्षरता दर 72.78 है। परंतु यहां के मतदान की स्थिति को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि वे लोकतंत्र के उत्सव में कितना विश्वास रखती हैं।

यह बात सच है कि महिलाएं कम वोट डालती हैं, परंतु महिलाओं को यह सोचना पडे़गा कि जब तक वह मतदान नहीं करेंगी तब तक उनकी आवाज बुलंद नहीं हो पाएगी। इसलिए महिलाएं मतदान जरूर करें।

-ममता शर्मा, सेक्टर-22, नोएडा

आज सभी क्षेत्र में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। पढ़े लिखे होने के साथ महिलाओं की जिम्मेदारी अधिक हो जाती है कि वह खुद भी मतदान करें और दूसरी महिलाओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। ताकि महिलाओं का मत प्रतिशत पुरुषों से कम न रहे।

-सोनिया, सेक्टर-49, नोएडा

वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनाव की स्थिति

नोएडा विधानसभा

महिला मतदाता : 159504

मताधिकार का प्रयोग किया : 85190

दादरी विधानसभा

महिला मतदाता : 149405

मताधिकार का प्रयोग किया : 80695

जेवर विधानसभा

महिला मतदाता : 124956

मताधिकार का प्रयोग किया : 75484


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.