आज का मैच भी भारत ही जीतेगा : रोबिन सिंह
जागरण संवाददाता, नोएडा : भारत पाकिस्तान के बीच बेंगलूर में खेले जा रहे फुटबाल के मैत्री मैच में गोल दागने वाले रोबिन सिंह एशियन गेम में भारत के लिए पदक लाना चाहते हैं। बुधवार को पाक के साथ होने वाले दूसरे मैत्री मैच में रोबिन सिंह अपने को पूरी तरह तैयार बताते हैं। वह इस समय बेंगलूर फुटबाल क्लब (एफसी) की ओर से खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार का मैच भी हर हाल में उन्हीं की टीम ही जीतेगी।
रोबिन सिंह नोएडा के सेक्टर-50 में रहते हैं। उनका कहना है कि भारत पाकिस्तान के बीच दो मैत्री मैच खेले जाने हैं। इसमें से एक मैच हो चुका है। यह मैच एक शून्य से भारत जीत चुका है। उनका कहना है कि जिस तरह से भारत ने पाकिस्तान पर जीत हासिल की थी। इसके चलते पाकिस्तान अभी दबाव में है। हमारी टीम पूरी तरह से तैयार है। टीम में जोश भरा है। इसका फायदा हमें बुधवार को दूसरे मैत्री मैच में मिलेगा। इसके बाद 18 सितंबर से एशियन खेल होने हैं। टीम की ओर से उसी को लेकर तैयारी चल रही है।
वह बताते हैं कि मेरे खेल के पीछे माता-पिता का पूरा सहयोग है। वह आगे चलकर केवल फुटबाल के लिए ही खेलना चाहते हैं। फुटबाल उनके जीवन में रच बस गया है। फिलहाल वह फुटबाल के लिए ही सोचते हैं। उनका लक्ष्य अभी एशियन गेम हैं। इसके बाद ही आगे की तैयारी की जाएगी।