सड़क हादसे में पिता-पुत्री सहित चार की मौत
जागरण संवाददाता, नोएडा :
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर हुए सड़क हादसे में पिता-पुत्री सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार घायल हो गए। दुर्घटना में मारे गए व्यक्ति की पत्नी व दो बेटियां भी घायल हुई हैं। इनमें सात लोग आगरा के हैं, जबकि एक राजस्थान का है। दुर्घटना ट्रक के पीछे कैंटर के टकराने से हुई। हादसे में मरने वाले व घायल लोग कैंटर में सवार थे। पुलिस ने ट्रक चालक व सहायक को गिरफ्तार कर लिया है।
आगरा के ताजगंज का रहने वाला संजय कैंटर चलता था। यहां का रहने वाला अनिल सहायक है। सोमवार रात कैंटर में आगरा के पिनहर गांव का रहने वाला रामकेश अपनी पत्नी निरुमा और आठ वर्षीय बेटी वंशिका, छह वर्षीय बेटी भावना और छह माह की बेटी बेबी के साथ कैंटर में सवार था। इनके अलावा कैंटर में राजस्थान के धौलपुर निवासी रूप सिंह भी था। सोमवार देर रात नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर एफएनजी कट के पास आगे जा रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। कैंटर चला रहे संजय ने जब तक ब्रेक लिए तब तक कैंटर ट्रक से भिड़ गया। दुर्घटना में कैंटर चालक संजय, रूप सिंह और रामकेश व उसकी छह माह की बेटी बेबी की मौत हो गई। हादसे में सहायक अनिल, रामकेश की पत्नी निरुमा, उसकी आठ और छह वर्ष की बेटी भावना व वंशिका घायल हो गए। सभी घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वंशिका की हालत गंभीर बनी हुई है। देर रात पुलिस को मामले की जानकारी मिली। पुलिस ने ट्रक चालक व सहायक अलीगढ़ निवासी नीरज और हाथरस निवासी हरीश चंद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ट्रक व कैंटर को एक्सप्रेस-वे से हटवाया।
---
हादसा देर रात हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। ट्रक चालक व सहायक को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
राजकुमार मिश्र, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तृतीय, नोएडा