प्रमोद वर्मा चुने गए बार एसोसिएशन के अध्यक्ष
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा:
जिला एवं सत्र न्यायालय में बार एसोसिएशन के चुनाव में प्रमोद कुमार वर्मा को अध्यक्ष चुना गया। शुक्रवार देर रात तक चली मतगणना में उन्हें 589 मत मिले। उन्होंने प्रमेंद्र भाटी को 120 मतों से हराया। भाटी को 469 मत मिले। श्रीचंद छाबड़ी तीसरे स्थान पर रहे, उन्हें 249 मत मिले। सचिव पद पर गजराज नागर ने जीत दर्ज की। उन्होंने रविंद्र अवाना को 635 वोटों से हराया। उपाध्यक्ष पद पर मनोज भटनागर ने 686 मत से जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुनील सिंह गौतम को 583 वोट मिले। सह सचिव पद पर अमित चौहान ने 201 मतों से जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष पद पर सुनील खटाना ने अपने प्रतिद्वंद्वी सतीश भाटी को 81 मतों से हराया। मतदान में कुल 1324 वोट पड़े। एक मत को टेंडर घोषित किया गया। मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
बार चुनाव को लेकर सरगर्मी शुक्रवार को भी चरम पर रही। मतदान बार कक्ष में हुआ। एजेंट व मतदाताओं के अलावा किसी को भी मतदान कक्ष में जाने की अनुमति नहीं दी गई। यूपी बार काउंसिल का परिचय पत्र या रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र दिखाने के बाद ही उन्हें मतदान का मौका मिला। हर मतदाता को पांच मतपत्रों का सेट दिया गया। प्रत्याशी के नाम के सामने मोहर लगाकर उन्होंने मतपत्र को बॉक्स में डाला। पांच बजे मतदान कक्ष के दरवाजे बंद हो गए। जो मतदाता लाइन में लग चुके थे उन्होंने मतदान किया। करीब सवा पांच बजे मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई। देर रात परिणाम घोषित किया गया। अमित चौहान को सह सचिव पद पर 748 वोट मिले। जबकि प्रतिद्वंद्वी नीरज चौहान को 547 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर सुनील खटाना ने 647 वोट जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सतीश भाटी को 593 वोट मिले।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया।
दिन भर वोट के लिए चलती रही जुगाड़बाजी
प्रत्याशी व उनके समर्थक दिन भर अधिक से अधिक वोट के लिए प्रयास करते रहे। अधिवक्ताओं के चैंबर के आगे प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की चहल कदमी दिन भी चलती रही। वह चैंबर में बैठे मतदाताओं से वोट की अपील करते रहें। अधिवक्ताओं के चैंबर में मतों की आंकड़ेबाजी दिन भर चली। मतदाता भी वोट डालने से पहले जीतने वाले प्रत्याशियों की संभावनाओं का आंकलन करते रहे।
मतदान में 1324 वोट डाले गए। एक वोट टेंडर घोषित किया गया। कोषाध्यक्ष पद पर सुनील खटाना व सह सचिव पद पर अमित चौहान ने जीत दर्ज की है।
संतराम भाटी, चेयरमैन एल्डर कमेटी