Move to Jagran APP

लूट के बाद इंजीनियर को मारी गोली

By Edited By: Published: Fri, 01 Aug 2014 09:29 PM (IST)Updated: Fri, 01 Aug 2014 09:29 PM (IST)
लूट के बाद इंजीनियर को मारी गोली

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा :

loksabha election banner

बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे सरेआम लूट की घटनाओं को अंजाम देने के साथ जान लेने से भी नहीं चूक रहे हैं। एक ऐसी ही घटना मोजर बीयर गोलचक्कर के पास बृहस्पतिवार देर रात हुई। यहां मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने इंजीनियर से सोने की चेन, अंगूठी, कड़ा व नकदी लूट ली। इंजीनियर ने विरोध किया तो उन्हें गोली मारने के बाद बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने इंजीनियर को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी है। सेक्टर जीटा स्थित पूर्वाचल हाईट सोसाइटी में दीपक कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह दिल्ली स्थित एक बहुराष्ट्रीय इंडस्ट्री में इंजीनियर हैं। बृहस्पतिवार देर रात वह होंडा सिटी कार से ड्यूटी से घर लौट रहे थे। मोजर बीयर गोलचक्कर के पास उनकी कार खराब हो गई। काफी प्रयास के बाद भी वह स्टार्ट नहीं हुई। उन्होंने कार सही करने के लिए एक मिस्त्री को फोन किया। उसके इंतजार में वह कार के पास ही खड़े थे। तभी मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश उनके पास आए। उन्होंने अपने आप को ऑटो इंजीनियर बताया। एक बदमाश कार का बोनट खोलकर उसे सही करने लगा। दीपक भी उसकी मदद करने लगे। तभी दूसरे बदमाश ने पीछे से दीपक की कनपटी पर तमंचा लगा दिया। शोर करने पर गोली मारने की धमकी दी। हथियार के बल पर बदमाशों ने उनसे सोने की अंगूठी, चेन, कड़ा व पर्स से एक हजार रुपये लूट लिए। हिम्मत दिखाते हुए दीपक उनसे भिड़ गया। गोलचक्कर के ठीक बगल दीपक व बदमाशों के बीच लगभग पांच मिनट तक गुत्थम-गुत्थी होती रही, लेकिन वहां से जाने वाला कोई भी व्यक्ति दीपक की मदद करने के लिए नहीं रुका। लूट के विरोध से नाराज बदमाशों ने तमंचे से दीपक के पेट में गोली मार दी। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। शोर मचाकर उसने मदद की गुहार लगाई। एक राहगीर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दीपक को अस्पताल में भर्ती कराया।

एसपी देहात बृजेश सिंह ने बताया कि घायल द्वारा बदमाशों के बताए गए हुलिए के आधार पर उनकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.