वीतराग संत ने की सच्ची राष्ट्रसेवा
मुजफ्फरनगर : शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याणदेवजी महाराज की जयंती पर राजकीय आयुर्वेदिक कालेज, रामपु
मुजफ्फरनगर : शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याणदेवजी महाराज की जयंती पर राजकीय आयुर्वेदिक कालेज, रामपुर में महान कर्मयोगी संत का भावपूर्ण स्मरण किया गया। प्राचार्य डीके मौर्य ने कहा कि देश के ग्रामीण अंचल में शिक्षा की ज्योति जलाकर वीतराग संत ने राष्ट्र की सच्ची सेवा की है।
कालेज संस्थापक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्राचार्य डीके मौर्य ने शिक्षा ऋषि की अमूल्य राष्ट्र सेवाओं को याद किया। उन्होंने कहा कि देश के ग्रामीण अंचल में शिक्षा की अलख जगाने का जो महान कार्य स्वामी कल्याणदेव ने किया, वह बेमिसाल है। शिक्षा ऋषि ने समाज में समानता की स्थापना के लिए किसान और मजदूरों की भावी पीढ़ी को शिक्षित बनाने का संकल्प लिया। चिकित्साधिकारी डा. अक्षय लाल ने कहा कि आजादी के बाद भारत को स्वावलंबी बनाने के लिए स्वामीजी ने गांव और गरीब को शिक्षा से जोड़ा। राजकीय आयुर्वेदिक कालेज उन्हीं के तप, त्याग और सेवा का प्रतीक है। अन्य शिक्षकों ने पुष्प अर्पित कर पदमभूषण स्वामी कल्याणदेवजी महाराज को नमन किया। इससे पहले अन्य वक्ताओं ने शिक्षा में कल्याणदेव के योगदान पर प्रकाश डाला और सभी ने उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान वीतराग की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उन्हें नमन किया गया।