ठिठुरन बढ़ी, दिन छिपते ही घरों में कैद हुए लोग
मुजफ्फरनगर : ठंड सितम ढहाती जा रही है। ठिठुरन ने दिन छिपते ही लोगों को घरों में कैद करने को मजबूर कर
मुजफ्फरनगर : ठंड सितम ढहाती जा रही है। ठिठुरन ने दिन छिपते ही लोगों को घरों में कैद करने को मजबूर कर दिया है। कोहरा व ठंड के चलते उज्जैनी व नौचंदी एक्सप्रेस समेत लंबी दूरी की कई ट्रेनें घंटों लेट चल रही हैं जिससे यात्री परेशान हैं।
वैसे तो दिसम्बर माह कड़ाके की ठंड होती है। पिछले कई दिनों से अधिकतम तापमान में गिरावट होने तथा दिन में सूर्यदेव के दर्शन न होने या बहुत कम समय के लिए होने से ठिठुरन बढ़ रही है। शुक्रवार की तड़के कोहरा छाया हुआ था। सुबह होते-होते कोहरा छंट गया लेकिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। पेड़ों से पानी की बूंदें टपकती रही। बढ़ती ठिठुरन से घरों, दुकानों, सड़कों पर लोग अंगीठी, वार्मर, हीटर, रूम हीटर आदि से ठंड को दूर करने का प्रयास करते रहे। पूरे दिन आधा घंटा के लिए सूर्यदेव ने दर्शन हुए। दिन छिपते ही ठिठुरन बढ़ गयी। सर्दी से बचाव के लिए लोग दिन छिपते ही घरों में कमरों के अंदर दुबक गये और गर्म व ऊनी कपड़ों में लिपटे रहे। अन्य दिनों की अपेक्षा शाम को सड़कों पर भीड़ कम रही। सड़कें सुनसान हो गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है।
कोहरा व बढ़ती ठंड से ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने लगा है। उज्जैन से चलकर देहरादून को जाने वाली उज्जैनी एक्सप्रेस ट्रेन चार घंटा विलंब तथा नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन अप व डाउन में करीब तीन घंटा विलंब से मुजफ्फरनगर स्टेशन पर पहुंची। इसके अलावा लंबी दूरी की कई और ट्रेनें तथा पैसेंजर ट्रेनें आधा घंटा से एक घंटा की देरी से चलीं।