दीपावली के बाद सड़कों पर फैला पटाखों का कूड़ा
मुजफ्फरनगर : दीपावली के बाद सड़कों पर कूड़े का राज रहा। सफाई में पालिका स्वास्थ विभाग की उदासीनता भी
मुजफ्फरनगर : दीपावली के बाद सड़कों पर कूड़े का राज रहा। सफाई में पालिका स्वास्थ विभाग की उदासीनता भी उजागर हुई। उधर, भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतर झाड़ू लगाई और पटाखों से फैली गंदगी को दूर किया।
दीपावली पर हुई आतिशबाजी के बाद शनिवार को सड़कों पर कूड़े के ढेर लग गए। शनिवार को छुट्टी होने के कारण नगर पालिका स्वास्थ्य विभाग के सफाई कर्मचारियों ने सफाई में भी उदासीनता दिखाई। कुछ स्थानों को छोड़कर नगर की आवासीय कालोनियों में सफाई का अभाव रहा। वहीं भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एकता गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाते हुए अपनी महिला साथियों के साथ सड़कों पर उतर कर सफाई अभियान चलाया। बालाजी चौक से अभियान की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि संकल्प लिया गया है कि 2019 तक महात्मा गांधी की जयंती तक पूरे देश को गंदगी मुक्त करना है। उन्होंने लोगों को सफाई के प्रति भी जागरूक किया। सरला धीमान, सुषमा त्यागी, सुनीता शर्मा, इन्द्रा सैनी, नीलम, मंजू, पूनम, अनिता, कौशल शर्मा, चंचल, सुषमा, लक्ष्मी आदि शामिल रहीं। वहीं नगर स्वास्थ अधिकारी डा. जेडी सिंह ने बताया कि सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को सुबह व सायं शहर में नियमित रूप से सफाई की।