महिला से सामूहिक दुष्कर्म
मुजफ्फरनगर : नई मंडी थाना क्षेत्र के एक गांव में चार लोगों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर महिला को बेरहमी से पीटा और नाजुक अंगों पर भी प्रहार किए। परिजन अर्द्धबेहोशी की हालत में महिला को लेकर थाने पहुंचे और तहरीर दी।
पीड़िता ने बताया कि मंगलवार सुबह वह खेत में चारा लेने गई थी। इसी दौरान गांव निवासी चार लोगों ने उसे पकड़ लिया और मुंह पर कपड़ा बांधकर खेत में ले गए और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। नाजुक अंगों पर भी प्रहार किए गए।
इंस्पेक्टर नई मंडी अरुण कुमार ने बताया कि पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पति की ओर से गांव के ही चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
दोनों परिवारों में है रंजिश
इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला और आरोपी बनाए गए पक्ष के बीच पुरानी रंजिश है। दूसरे पक्ष की ओर से महिला के परिवार के लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का एक मुकदमा 2005 में दर्ज था। इस प्रकरण में कोर्ट ने 16 अगस्त को महिला पक्ष के हाजी अख्तर, नूर मोहम्मद, अफसरून और मोहम्मद को सात साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद दोनों पक्षों में दोबारा मनमुटाव भी हुआ था। संभव है कि घटना के पीछे रंजिश ही कारण हो फिर भी जांच की जा रही है।
इन्होंने कहा..
पीड़िता शिकायत लेकर आई थी। पुलिस को मौके पर भेजा गया था। गांव में पूछताछ और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर नई मंडी।