पुख्ता सुरक्षा इंतजाम में अदा होगी ईद की नमाज
मुजफ्फरनगर : ईद के त्योहार को लेकर पुलिस-प्रशासन काफी सतर्क है। जिले की सभी ईदगाहों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। उधर, प्रशासन ने खासकर आवारा जानवरों को बांधने का प्रबंध किया है।
मंगलवार को सुबह जिले की सभी ईदगाहों पर ईद की नमाज अदा कराई जायेगी। नमाज के लिये अलग-अलग ईदगाह का अलग-अलग समय निर्धारित है। इसके लिये ईदगाह की साफ सफाई व चूना का छिड़काव किया गया है। प्रशासन ने आवारा
जानवरों को ईद के दिन बांधने के लिये नोटिस जारी किया है। इसके अलावा इन जानवरों को बांधने के लिये अलग से इंतजाम किया गया है। सहारनपुर की घटना को देखते हुए जिला प्रशासन ईद का त्योहार को लेकर काफी सजग है। सभी ईदगाह पर एक मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी व पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है। उधर, पुलिस ने ईद पर सुरक्षा के मद्देनजर दो कंपनी पीएसी, एक कंपनी सीआरपीएफ व बम निरोधक दस्ता तैनात किया गया है। नमाज से पहले प्रमुख स्थानों पर दस्ता व खोजी कुत्ते से चेकिंग कराई जाएगी।
इन्होंने कहा..
ईद के त्योहार के मद्देनजर पूरे जिले में चौकसी बढ़ा दी गई है। खासकर ईदगाह पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम है।
आवारा जानवरों को बांधकर रखने के लिये नोटिस जारी किये गये हैं।
डा.इंद्रमणि त्रिपाठी, एडीएम प्रशासन