हाजीपुरा में दो पक्षों में भिड़ंत, युवतियों से छेड़छाड़
मुजफ्फरनगर : सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हाजीपुरा मोहल्ले में दो पक्षों के बीच बच्चों के झगड़े को लेकर भिड़ंत हो गई। जमकर लाठी-डंडे चले और आधा दर्जन लोग घायल हो गए। आरोपी युवकों ने पीड़ित के घर में घुसकर युवतियों से अभद्रता और छेड़छाड़ की। मोहल्ले के लोगों ने जानकारी होने पर चार आरोपियों को दबोच लिया और पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
हाजीपुरा निवासी अख्तर ने बताया कि सोमवार दोपहर को उनके बच्चे गली में खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों के बीच झगड़ा हो गया। जानकारी होने पर फरमान पक्ष ने गाली गलौच की। विरोध करने पर फरमान ने अपने आधा दर्जन साथियों के साथ उनके मकान पर धावा बोल दिया। अख्तर का आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों और हॉकी से उनकी पिटाई की और महिलाओं-युवतियों के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उनके पिता जफर के हाथ तोड़ डाले। घटना की जानकारी होते ही मोहल्ले के कुछ लोगों ने हमलावरों को घेर लिया। लोगों ने फरमान, साजिद, राशिद और आशू को दबोच लिया। सभी को जमकर पीटा और उनके सिर फाड़ दिए। सूचना पर पुलिस पहुंची और सभी को हिरासत में ले लिया। अख्तर की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसओ चंद्रकिरण यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। चार आरोपी फरार है और उनकी तलाश की जा रही है।