मुजफ्फरनगर के कांवड़िये की रुड़की में मौत
मुजफ्फरनगर :कांवड़ लेने गए जिला बार संघ के कर्मचारी अलमासपुर निवासी व्यक्ति की रुड़की के समीप खाई में गिरने से मौत हो गई। नई मंडी शमशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार में काफी अधिवक्ता मौजूद रहे।
अलमासपुर निवासी अमरनाथ उर्फ बबलू (35) सोमवार को साइकिल से कांवड़ लेने निकला था। रात को रुड़की के पास अज्ञात वाहन को साइड देने के प्रयास में साइकिल खाई में गिर गई, जिससे उससे गंभीर चोट आई। सूचना पर जिला बार संघ के पदाधिकारियों ने रुड़की पुलिस की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अमरनाथ जिला बार संघ में लंबे समय से चपरासी के पद पर था। बार संघ के पदाधिकारियों ने हांडा हाल में शोक कर दिवंगत की आत्मिक शांति की प्रार्थना की। दोपहर नई मंडी के शमशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। अधिवक्ताओं ने मृतक के परिजन की आर्थिक मदद करने की भी घोषणा की है। अधिवक्ता प्रशासन व मुख्यमंत्री राहत कोष से भी मदद दिलाएंगे। जिला बार संघ के महासचिव सुरेन्द्र कुमार मलिक ने जानकारी दी।