अपहरण मामले में प्रेमी जोड़े को कोर्ट से राहत
मुरादाबाद : अपहरण के मामले में युवती ने प्रेमी के पक्ष में बयान दिए। अलग-अलग धर्म के होने के कारण न
मुरादाबाद : अपहरण के मामले में युवती ने प्रेमी के पक्ष में बयान दिए। अलग-अलग धर्म के होने के कारण न्यायालय में दोनों पक्षों में विवाद हो गया। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। मूंढापांडे की रहने वाली अफसाना (28) एक कॉलेज में अध्यापिका है। कुछ महीने पहले उसकी मिस कॉल बरेली के चौधरियान मुहल्ले में रहने वाले सोनू सक्सेना को लग गई। धीरे-धीरे दोनों में बातचीत होने लगी। दोस्ती के बाद मुहब्बत हो गई। सोनू अक्सर अफसाना से मिलने मूंढापांडे आता था। दोनों बालिग थे, लिहाजा शादी करने का निर्णय कर लिया। परिवार में शादी की बात की तो दोनों के परिजन शादी को तैयार न हुए। कुछ दिन पहले ही दोनों घर छोड़कर भाग गए। अफसाना के परिजनों ने युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया। बुधवार को पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया। युवक को न्यायालय में पेश किया गया। इस दौरान दोनों पक्षों से सैकड़ों लोग और अधिवक्ता एकत्र हो गए। युवती के परिवार वालों ने सोनू व उसके परिजनों को धमकाने और माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। इसी बीच न्यायालय में अफसाना के बयान शुरू हुए। उसने सोनू के पक्ष में बयान दे दिए। विवाद बढ़ने की स्थिति में सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक आरपी सिंह पुलिस बल के साथ न्यायालय पहुंचे और दोनों को पुलिस अभिरक्षा में मूंढापांडे की सीमा पार कराई।