रिश्ते के चाचा ने मासूम के साथ किया दुष्कर्म
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : कटघर थाना क्षेत्र के गोविंद नगर सी ब्लाक में रिश्ते के चाचा ने छह साल क
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : कटघर थाना क्षेत्र के गोविंद नगर सी ब्लाक में रिश्ते के चाचा ने छह साल की मासूम भतीजी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने वापस घर जाकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी चाचा को पीटकर पुलिस को सौंप दिया। मूल रूप से बरेली के आंवला स्थित दिगोई निवासी युवक महानगर की एक फर्म में काम करता है। वह गोविंद नगर सी ब्लाक में परिवार के साथ रहता है। युवक का चचेरा भाई अजवेंद्र तीन नंबर गली में महेश के मकान में किराए पर रहता है। अजवेंद्र का भाई के परिवार में आना जाना था। अक्सर वह परिवार के लोगों के साथ ही खाना खाता था। बुधवार सुबह फर्म कर्मी की छह साल की बेटी घर में खेल रही थी। अजवेंद्र उसे खाने का सामान दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। घर ले जाकर अजवेंद्र ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद जब मासूम घर लौटी तो खून से लथपथ देख मां के पूछने पर उसने घटना की जानकारी दी। बच्ची को स्थानीय डॉक्टर के क्लीनिक में दिखाया। देखते ही देखते दुष्कर्म की बात क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ अजवेंद्र को घर में बंद कर जमकर पीटा। उसके बाद पुलिस को सौंप दिया। फर्मकर्मी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। देर शाम जिला अस्पताल में मासूम का मेडिकल कराया गया। प्रभारी निरीक्षक कटघर एसपी सिंह ने बताया कि अजवेंद्र के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।